नेहरू स्टेडियम के पास पेट्रोल पंप पर खुली लूट! बोर्ड पर कुछ, वसूली कुछ और

-सरकार ने घटाई ड्यूटी, पेट्रोल पंप वाले ने बढ़ाएं दाम
अनोखा तीर, हरदा। भारत सरकार ने आज ही पेट्रोल पर ड्यूटी कम करते हुए उपभोक्ताओं को दाम नहीं बढ़ाएं जाने की राहत प्रदान की, लेकिन हरदा में इसके ठीक विपरीत पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए गए। शहर के नेहरू स्टेडियम के पास स्थित श्री हरि भाग्यश्री ऑटो सेंटर पर उपभोक्ताओं के साथ खुली ठगी का मामला सामने आया है। यहां नायरा कंपनी का ईंधन उपलब्ध होने के बावजूद कथनी और करनी में अंतर वाली कहावत पूरी तरह चरितार्थ होती दिख रही है। सरकार की मंशा के ठीक उल्टा यह कार्य आखिर शहर के पेट्रोल पंप संचालक द्वारा कैसे किया जा रहा है, यह प्रशासनिक लापरवाही को प्रदर्शित करता है। उल्लेखनीय है कि पेट्रोल पंप के बाहर लगे डिस्प्ले बोर्ड पर पेट्रोल की कीमत 107 रुपए 23 पैसे प्रति लीटर दर्शाई जा रही है, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। उपभोक्ताओं से 112 रुपए 24 पैसे प्रति लीटर के हिसाब से वसूली की जा रही है। यानी हर लीटर पर करीब 5 रुपए की अतिरिक्त वसूली कर आम जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से की जा रही धोखाधड़ी है। सवाल यह उठता है कि आखिर प्रशासन की निगरानी में इस तरह की खुली लूट कैसे जारी है? क्या संबंधित विभाग को इसकी भनक नहीं, या फिर सब कुछ जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है। आपदा में अवसर की तर्ज पर चल रही इस वसूली ने उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। लोग मांग कर रहे हैं कि तत्काल जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और उपभोक्ताओं से वसूली गई अतिरिक्त राशि वापस कराई जाए। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर क्या रुख अपनाता है, कार्रवाई या फिर चुप्पी?

68 Views

Leave a Reply