-बच्चों को वितरित किए विद्यारम्भ प्रमाण-पत्र
अनोखा तीर, हरदा। महिला एवं बाल विकास विभाग, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा में सहज रूप से स्थानांतरित करने एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को विद्यारंभ समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरदा जिले के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में यह समारोह उत्साहपूर्वक एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके शैक्षणिक जीवन की औपचारिक शुरुआत की गई। साथ ही बच्चों के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे उनमें विद्यालय के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास का विकास हो सके। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया तथा अभिभावकों को प्रारंभिक शिक्षा के महत्व के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम की सतत मॉनिटरिंग जिला कार्यक्रम अधिकारी राजा रंगारे द्वारा की गई, जिससे सभी केन्द्रों पर कार्यक्रम का सफल एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हुआ।

Views Today: 2
Total Views: 2

