अनोखा तीर, हरदा। पिनेकल एकेडमी में मंगलवार को रिजल्ट डे मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के दंत और आंखों की जांच के लिए मेडिकल कैंप भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नपा उपाध्यक्ष अंशुल गोयल और विशेष अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्षद मनोज महलवार उपस्थित रहे। स्वास्थ्य जांच के लिए नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ.भरत यादव, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ आदर्श भारद्वाज और डॉ. राघवेंद्र गहलोद मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नपा उपाध्यक्ष अंशुल गोयल ने विद्यालय के परीक्षा परिणाम की घोषणा पर सभी विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि परिणाम हमें सीख देता है। यदि किसी कारणवश किसी विद्यार्थी को कम अंक मिले हैं या असफलता मिली है, तो वह आगे बेहतर करने का संकेत है। इसके लिए लगन, मेहनत और सही लक्ष्य का होना जरूरी है। इस अवसर पर दंत चिकित्सक डॉ.आदर्श भारद्वाज ने कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी आवश्यक है। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन से हुई। स्वागत उद्बोधन पिनेकल एकेडमी के संचालक अब्दुल सईद खान ने दिया। कार्यक्रम का संचालन वासुदेव कुशवाह और वंशिका कैथवास ने किया। इस दौरान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को रैंक के अनुसार सम्मानित भी किया गया। अंत में आभार प्राचार्य काजल पांडे ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
107 विद्यार्थियों की आंखों की जांच
मेडिकल कैंप के दौरान डॉ.आदर्श भारद्वाज ने बताया कि विद्यार्थियों के दंत परीक्षण के लिए एआई स्कैनर मशीन का उपयोग किया गया, जिसकी रिपोर्ट मरीजों को मोबाइल नंबर पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक स्कैनर मशीन की संख्या विश्व में लगभग 150 है, जबकि मध्यप्रदेश में केवल दो मशीनें उपलब्ध हैं, जिनमें से एक मशीन यहां उपयोग में लाई गई। डॉ.राघवेंद्र गहलोद और डॉ.आदर्श भारद्वाज के संयुक्त मार्गदर्शन में कैंप में 157 विद्यार्थियों की जांच की गई, जबकि डॉ.भरत यादव के मार्गदर्शन में 107 विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई। कैंप के दौरान विद्यार्थियों के अभिभावकों ने इस पहल के लिए स्कूल प्रबंधन की सराहना की।
Views Today: 10
Total Views: 10

