अनोखा तीर, हरदा। जिला कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रस्तावित किसान सम्मेलन का विरोध करने की घोषणा की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई ने कहा कि जिले का किसान आज परेशान है और ऐसे समय में मुख्यमंत्री द्वारा किसान सम्मेलन आयोजित करना समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और मंडियों में किसानों की उपज औने-पौने दामों में बिक रही है। उनके अनुसार 2700 रुपये प्रति क्विंटल का गेहूं करीब 2000 रुपये प्रति क्विंटल, 2400 रुपये प्रति क्विंटल की मक्का लगभग 1300 रुपये प्रति क्विंटल और 6200 रुपये प्रति क्विंटल का रायड़ा करीब 5500 रुपये प्रति क्विंटल में बिक रहा है। उन्होंने कहा कि किसान परेशान है, वहीं महंगाई लगातार बढ़ रही है। मोहन सांई ने कहा कि सरकार किसानों के नाम पर बड़े कार्यक्रम आयोजित कर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन किसानों को उसका लाभ नहीं मिल रहा है। जिला कांग्रेस ने इस सम्मेलन का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न गांवों में जाकर किसानों से संपर्क किया है और कई किसानों ने विरोध का समर्थन भी दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन पर काले झंडे दिखाकर विरोध किया जाएगा। उन्होंने सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए। गांवों में किए गए जनसंपर्क के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई, जिला कांग्रेस संगठन महासचिव गोविंद सिंह सुरमा, जिला उपाध्यक्ष सूरज सिंह राजपूत, खिरकिया नगर अध्यक्ष आशुतोष कोठारी, रविन्द्र बिश्नोई, लोकेश जायसवाल, प्रेरक सारण, सतीश भादू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Views Today: 6
Total Views: 6

