बिल्लोद-भवरास से लाख्याखेड़ी तक 2.5 किमी डामर सड़क निर्माण की मांग

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। ग्राम पंचायत बिल्लोद-भवरास क्षेत्र के ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित एक महत्वपूर्ण जनसमस्या को लेकर जिला कलेक्टर हरदा के नाम ज्ञापन सौंपते हुए ग्राम बिल्लोद-भवरास से ग्राम लाख्याखेड़ी तक लगभग 2.5 किलोमीटर डामरीकृत सड़क निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग का शीघ्र सर्वे कराकर सड़क निर्माण को स्वीकृति देने की मांग की है। गिरजाशंकर राजपूत ने बताया कि ग्राम बिल्लोद, भवरास और लाख्याखेड़ी तीनों ग्राम एक ही पंचायत के अंतर्गत आते हैं, लेकिन इसके बावजूद बिल्लोद-भवरास से लाख्याखेड़ी तक सीधा मार्ग उपलब्ध नहीं है। इसके कारण ग्रामीणों को पंचायत, शासकीय कार्यों तथा दैनिक आवागमन के लिए लगभग 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर घूमकर जाना पड़ता है, जिससे समय, श्रम और आर्थिक भार अनावश्यक रूप से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि बिल्लोद-भवरास से लाख्याखेड़ी तक मात्र 2.5 किलोमीटर की सीधी डामर सड़क का निर्माण कराया जाता है, तो यह न केवल ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा, बल्कि पंचायत क्षेत्र के तीनों ग्रामों के बीच सामाजिक, प्रशासनिक और विकासात्मक संपर्क भी मजबूत होगा। इससे ग्रामीणों को पंचायत पहुंचने, शासकीय योजनाओं का लाभ लेने तथा किसानों और आमजन को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। गिरजाशंकर राजपूत ने बताया कि यह मार्ग बनने से ग्रामीणों को हर बार लंबा चक्कर लगाकर जाने की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी और पंचायत क्षेत्र में विकास की गति को भी बल मिलेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस सड़क का शीघ्र सर्वे कराकर निर्माण कार्य स्वीकृत करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क निर्माण केवल एक मार्ग नहीं, बल्कि तीनों ग्रामों के बीच विकास, सुविधा और संपर्क का नया रास्ता साबित होगा।

Views Today: 6

Total Views: 6

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!