पच्चीस साल बाद मंदिर में एकत्र होकर मनाई होली

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

– फाग गीतों से सजी महफिल
अनोखा तीर, मसनगांव। ग्रामीण क्षेत्रों में धुलेंडी का त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। ग्राम में सुबह से ही होली के रंगों की धूम रही। रंग-गुलाल खेलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण राधा कृष्ण मंदिर में एकत्रित हुए, जहां सभी ने मिलकर होली उत्सव मनाया। इस दौरान फाग गीतों की महफिल सजी और होली पर गाए जाने वाले पारंपरिक फाग गीतों का आयोजन किया गया। ग्रामीण गणेश मुकाती ने बताया कि लगभग 25 साल बाद ग्रामीणों ने एकत्रित होकर इस तरह होली उत्सव मनाया है। पहले गांव में होलिका दहन के बाद धुलेंडी के अवसर पर झंडा तोड़ने की परंपरा निभाई जाती थी। मंदिर के बीच चौक में करीब 30 फीट ऊंचा लकड़ी का खंभा गाड़ा जाता था, जिस पर गुड़ और पैसे बांधे जाते थे। जो व्यक्ति उस खंभे पर चढ़कर झंडा तोड़ता था, उसे इनाम स्वरूप राशि दी जाती थी। इस दौरान मंदिर प्रांगण में कढ़ाई में रंग भरकर खंभे पर चढ़ने वाले के ऊपर इमली की डाल और पत्तों से मारा जाता था तथा उस पर बाल्टियों से रंग डाला जाता था। इस बीच जो व्यक्ति ऊपर चढ़कर झंडा तोड़ता था, वही विजेता माना जाता था। हालांकि कई वर्षों से यह परंपरा बंद हो गई थी। इस वर्ष ग्रामीणों और युवाओं की पहल पर मंदिर प्रांगण में होली उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने मिलकर रंग-गुलाल के साथ उत्साहपूर्वक होली खेली।

79 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!