वर्षों पुराने उप डाकघर को बंद करने का निर्णय जनविरोधी : अमर रोचलानी

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। हरदा रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित लगभग 118 वर्ष पुराने उप डाकघर को बंद करने के डाक विभाग के निर्णय को लेकर शहर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में नगर पालिका हरदा के नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद अमर रोचलानी ने कलेक्टर को पत्र लिखकर इस आदेश को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। रोचलानी ने कहा कि हरदा रेलवे स्टेशन स्थित यह उप डाकघर वर्षों से शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सेवा केंद्र रहा है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग डाक सेवाओं के साथ-साथ बैंकिंग सेवाएं, सुकन्या समृद्धि योजना, बचत खाते, मनी ट्रांसफर तथा किसान सम्मान निधि से संबंधित लेनदेन जैसी अनेक सुविधाओं का लाभ लेते हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर केंद्र सरकार डाक विभाग को डिजिटल इंडिया का प्रमुख माध्यम बताकर सेवाओं का विस्तार करने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर हरदा जैसे शहर में 118 वर्ष पुराने उप डाकघर को बंद करना विकास की जगह सेवाओं को समाप्त करने जैसा कदम है। रोचलानी ने कहा कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र शहर का सबसे व्यस्त क्षेत्र है और यहां स्थित उप डाकघर आम नागरिकों के लिए सबसे सुलभ केंद्र है। इसे बंद करने से आम जनता, व्यापारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस उप डाकघर से शहर के नागरिकों का भावनात्मक जुड़ाव भी रहा है। विशेष रूप से रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर यहां से बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों को राखी भेजती हैं। नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने कहा कि यदि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस आदेश को तत्काल निरस्त नहीं किया गया, तो शहर के नागरिकों के साथ मिलकर इस निर्णय के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।

Views Today: 8

Total Views: 8

Leave a Reply

error: Content is protected !!