अनोखा तीर, हरदा। तहसील हंडिया के ग्राम जामली स्थित नर्मदा आश्रम में दादा गुरु के आगमन के अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरणविद् खंमुराम बिश्नोई के नेतृत्व में कोशिश पर्यावरण सेवक टीम नीमगांव द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। इस दौरान नर्मदा परिक्रमा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए तांबे के लोटों से निशुल्क जल सेवा की व्यवस्था की गई। साथ ही जूठन मुक्त अभियान चलाते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। टीम के सदस्यों ने पॉलिथीन के उपयोग को कम करने के उद्देश्य से लोगों को पॉलिथीन के बदले कपड़े की थैलियां भी वितरित कीं। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश प्रभारी शांतिलाल सारण बिश्नोई, कोशिश पर्यावरण सेवक टीम नीमगांव सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

