अनोखा तीर, हरदा। मिशन हैप्पी हरदा के अंतर्गत हैप्पी हरदा यूथ क्लब द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए ओपन लाइब्रेरी का शुभारंभ किया जा रहा है। यह कार्यक्रम पूर्व निर्धारित तिथि 8 मार्च रविवार को आयोजित होना था, लेकिन रंग पंचमी महोत्सव के कारण इसे स्थगित कर अब 9 मार्च सोमवार को प्रात: 7.30 बजे आयोजित किया जाएगा। ओपन लाइब्रेरी का विधिवत शुभारंभ समाजसेवी शोभा बाजपेयी एवं साहित्यकार ज्ञानेश चौबे द्वारा किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य वर्तमान समय में लोगों का पुस्तकों से कम होते जुड़ाव को पुन: स्थापित करना है। आज समाज में मोबाइल और डिजिटल माध्यमों की ओर बढ़ते झुकाव के कारण पढ़ने की आदत एवं आपसी संवाद में कमी देखी जा रही है। इसी कमी को दूर करने तथा अध्ययन, संवाद और विचार-विनिमय की संस्कृति को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से इस ओपन लाइब्रेरी की शुरुआत की जा रही है। यह ओपन लाइब्रेरी सभी वर्गों के लिए खुली रहेगी। बच्चे, युवा एवं बुजुर्ग यहां आकर पुस्तकें पढ़ सकेंगे, अपने विचार साझा कर सकेंगे तथा विभिन्न विषयों पर चर्चा कर सकेंगे। जिनके पास अपनी पुस्तकें हैं, वे भी यहां लाकर अन्य पाठकों के साथ पुस्तक विनिमय कर सकेंगे, जिससे सभी को नई-नई पुस्तकें पढ़ने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में डॉ. विनीता रघुवंशी, ओमप्रकाश राठौर, रामशंकर मुकाती सहित अन्य समाजसेवी उपस्थित रहेंगे। रमन क्षेत्रीय संसाधन केंद्र के समन्वयक उमेश शर्मा ने बताया कि यह पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हैप्पी हरदा यूथ क्लब द्वारा ओपन पुस्तकालय का शुभारंभ

31 Views


