– 900 में दे रहे गैस सिलेंडर, पहले भी हो चुकी है शिकायत
अनोखा तीर, सेमरीहरचंद। नगर के बीचों बीच एक निजी दुकान में एग्रीमेंट के माध्यम से खनूजा गैस एजेंसी की कथित शाखा संचालित की जा रही है, जहां नियमों को ताक पर रखकर गैस सिलेंडर का भंडारण और वितरण किया जा रहा है। सेमरी हरचंद में अयान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड फर्नीचर नामक दुकान में गैस एजेंसी की शाखा संचालित किए जाने की जानकारी मिली है जो लंबे समय से यह काम कर रहे हैं। यह दुकान मूल रूप से विद्युत उपकरणों की बिक्री के लिए पंजीकृत है, लेकिन यहीं पर गैस सिलेंडरों का भंडारण और वितरण किया जा रहा है। नियमों के अनुसार जिस स्थान पर गैस सिलेंडरों का भंडारण और वितरण किया जाता है, वहां विद्युत मीटर और ज्वलनशील उपकरणों की मौजूदगी प्रबंधित होती है। इसके बावजूद इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान से ही गैस सिलेंडर बेचे जा रहे हैं, जो गंभीर सुरक्षा जोखिम को दर्शाता है। मौके पर पहुंचे मीडिया टीम ने उपभोक्ताओं से बात की तो जानकारी मिली कि इस कथित शाखा से उपभोक्ताओं को 900 रुपए में सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। एक उपभोक्ता ने बताया कि सिलेंडर प्राप्त करने के लिए उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह भी सामने आया कि एक उपभोक्ता बिना पासबुक के सिलेंडर लेने पहुंचा, जिसे नियमविरुद्ध तरीके से सिलेंडर दिया जा रहा था।
मुख्य बाजार में वाहन एवं दुकान से खुलेआम बिक्री
मीडिया टीम के पहुंचने पर चार पहिया वाहन में लदे लगभग 30 से 50 भरे सिलेंडर मुख्य बाजार क्षेत्र में बेचे जा रहे थे। मीडिया को देखकर ड्राइवर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूत्रों के अनुसार शाखा प्रभारी के आवास से भी सिलेंडर वितरण की जानकारी मिली है, जो नियमानुसार पूर्णत: प्रतिबंधित है। नियम स्पष्ट कहते हैं कि सिलेंडर का वितरण भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र या आवासीय मकानों से नहीं किया जा सकता। इसके लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप अधिकृत गोदाम होना आवश्यक है।
सुरक्षा मानकों का अभाव, बड़े हादसे आशंका
मौके पर न तो फायर सेफ्टी की व्यवस्था पाई गई और न ही अग्निशमन यंत्र उपलब्ध थे। सिलेंडरों का लीक टेस्ट, सुरक्षा जांच और ऑनलाइन पोर्टल पर एंट्री जैसी अनिवार्य प्रक्रियाएं भी नहीं की जा रही थीं। उपभोक्ताओं को हेल्पलाइन नंबर या शिकायत निवारण संबंधी जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। स्टॉक और डिलीवरी का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड भी सामने नहीं आया। डिलीवरी बॉय के पुलिस वेरिफिकेशन की जानकारी भी उपलब्ध नहीं थी। ऐसी स्थिति में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल, कार्रवाई की प्रतीक्षा
मामले को लेकर अनुविभागीय अधिकारी प्रियंका भल्लावी से संपर्क किया गया। उन्होंने जांच का आश्वासन तो दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। लगातार सामने आ रही अनियमितताओं के बीच स्थानीय नागरिकों में रोष बढ़ता जा रहा है और अब लोग सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर कमेंट कर रहे हैं। बिना फायर सेफ्टी, बिना सुरक्षा मानकों और कथित एजेंसी से गैस वितरण किया जाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी है।
पहले भी हो चुकी है शिकायत
इस मामले को लेकर अप्रैल 2025 में मोहल्ले के एक व्यक्ति द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर को एक आवेदन दिया था जिसमें कहा गया था कि आइसीआइसीआइ बैंक के पास यासीन खान नामक एक व्यक्ति 50 से अधिक गैस सिलेंडर घरेलू उपयोग करने वाले रखता है एवं वाहनों में भी अवैध ढंग से गैस रिफिल करता है। जिसके कारण मोहल्लेवासियों को आग एवं विस्फोट होने का डर बना रहता है। आवेदन में उक्त व्यक्ति के ऊपर कार्रवाई करने की मांग की गई थी। अब देखना यह है कि प्रशासन द्वारा इस मामले को लेकर क्या कदम उठाए जात हैं रिहायशी इलाके में बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर का विक्रय करना कहीं ना कहीं वहां के निवासियों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ है। शासन के नियम अनुसार एलपीजी गैस अत्यंत ज्वलनशील पदार्थों में आता है और आबादी क्षेत्र में अधिक संख्या में एलपीजी गैस सिलेंडर रखना अपराध की श्रेणी में आता है।
Views Today: 42
Total Views: 42

