Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

आरक्षण बचाओ-संविधान बचाओ महाआंदोलन  २२ मार्च को

2 min read
Text Size:

-भीम आर्मी चीफ समेत कई नेता होंगे शामिल
अनोखा तीर, हरदा। एससी/एसटी/ओबीसी संयुक्त मोर्चा 22 मार्च को आरक्षण बचाओ संविधान बचाओ महाआंदोलन आयोजित करेगा। यह आंदोलन 22 सूत्रीय मांगों को लेकर किया जा रहा है। इस महाआंदोलन में भीम आर्मी चीफ और नगीना उत्तर प्रदेश से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद शामिल होंगे। आयोजकों ने बताया कि डूंगरपुर-बांसवाड़ा राजस्थान के सांसद राजकुमार रोत, जयस संरक्षक डॉ. हीरालाल अलावा मनावर विधायक, मध्य प्रदेश, ओबीसी महासभा के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य महेंद्र सिंह लोधी और बिरसा ब्रिगेड के संस्थापक सतीश पेंड्रम भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे। महाआंदोलन की तैयारियों को लेकर रविवार को सनफ्लॉवर स्कूल के सामने संगठन के कार्यालय में एससी/एसटी/ओबीसी संयुक्त मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में टीमें जाकर प्रचार-प्रसार करेंगी। हरदा जिले को चार सेक्टरों में बांटा गया है, जहां अन्य जिलों से आने वाले सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए भोजन की व्यवस्था की जाएगी। भोजन की व्यवस्था हंडिया, टिमरनी, सिराली और खिरकिया में होगी। कार्यक्रम की तैयारी के लिए 10 सदस्यों की एक समिति भी गठित की गई है, जो समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी करेगी। आयोजकों को उम्मीद है कि इस महाआंदोलन में लाखों की संख्या में समाज के लोग एकजुट होंगे। बैठक में अधिवक्ता सुखराम बामने, एससी एसटी युवा संगठन के अध्यक्ष राहुल पवारे, भीम आर्मी संभागीय अध्यक्ष महेंद्र काशिव मेहरा, ओबीसी महासभा के जिलाध्यक्ष राजेश गौर, भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष सुनील खंडेल, भारत आदिवासी पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष जयकुमार ऊईके, नाजी जिलाध्यक्ष मंगलेश आजाद, भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवीसिंह परते, आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रघुवीर अहिरवार, कतिया समाज के जिलाध्यक्ष देवीदिन चावड़ा और वरिष्ठ समाजसेवी गणपत चौरसिया सहित सैकड़ों युवा साथी उपस्थित रहे।

74 Views
What do you think?

Leave a Reply