Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

भाकिसं ने विभिन्न मांगों को लेकर किया धरना प्रदर्शन

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। भारतीय किसान संघ जिला हरदा द्वारा एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन के समक्ष विभिन्न मांगें पुरजोर तरीके से रखी गईं तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने मांग की कि आगामी गेहूं खरीदी 2700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाए एवं मक्का की खरीदी समर्थन मूल्य 2400 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से सुनिश्चित की जाए। वर्तमान समय में किसानों की मक्का ओने-पौने दामों पर खरीदी जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संगठन ने ग्रीष्मकालीन मूंग की फसल के लिए नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने, मोरंड-गंजाल संयुक्त सिंचाई परियोजना शीघ्र प्रारंभ करने तथा तवा सिंचाई परियोजना से वंचित किसानों को शहीद इलाप सिंह परियोजना में जोड़े जाने की मांग भी की। ई-टोकन व्यवस्था के माध्यम से वितरित किए जाने वाले खाद में को-ऑपरेटिव सोसायटी को प्राथमिकता से खाद उपलब्ध कराने की बात कही गई, ताकि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज का लाभ मिल सके। इसके अलावा कृषि विभाग द्वारा किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने, रहटगांव, सिराली एवं हंडिया तहसील में गोदाम बनाकर खाद विक्रय केंद्र खोलने तथा जिले में रबी सीजन के दौरान ओलावृष्टि एवं बेमौसम बारिश से खराब हुई फसलों की क्षतिपूर्ति एवं बीमा राशि उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। इन मांगों के संदर्भ में ज्ञापन एसडीएम अशोक डेरिया को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया। जिला प्रवक्ता राजनारायण गौर ने बताया कि वर्तमान में संगठन जिला केंद्रों पर सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर रहा है। यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो भारतीय किसान संघ प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, हरिशंकर सारण, रामकृष्ण मुकाती, विनोद पाटिल, आनंद राम किरार, विजय मलगाया, राजेंद्र बांके, श्याम पाटिल, ब्रज मोहन राठौर, दीपचंद नवाद, बालकदास छापरे, विष्णु गौर, बालकृष्ण मलगाया सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।

57 Views
What do you think?

Leave a Reply