Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

रंगभरी ग्यारस पर गूंजा ‘हारे का सहाराÓ

2 min read
Text Size:

-हजारों श्रद्धालुओं ने निकाली विराट पदयात्रा
अनोखा तीर, हरदा। रंगभरी ग्यारस के पावन अवसर पर शुक्रवार को हरदा पूरी तरह श्याम भक्ति में सराबोर नजर आया। श्री खाटू श्याम के चौथे वर्ष उत्सव के उपलक्ष्य में भव्य फाग उत्सव एवं निशान पदयात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा के जयघोष से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। सायं 4 बजे संत रविदास चौक स्थित श्री खेडापति हनुमान मंदिर परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालु केसरिया साफा धारण कर, हाथों में रंग-बिरंगी ध्वजाएं और निशान लिए भक्ति भाव से आगे बढ़े। डीजे, बैंड-बाजों और ढोल-ताशों की थाप पर युवा और महिलाएं झूमते-गाते चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा और इत्र की वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। गुलाल की रंगत और खुशबू से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बन गया।  यात्रा विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई प्रताप सिटी कॉलोनी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंची। यहां विशेष पूजा-अर्चना और गुलाल अर्चना की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और देर रात तक दर्शन का सिलसिला जारी रहा। हजारों भक्तों ने बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। रात्रि में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। मंदिर में 56 भोग का प्रसाद अर्पित किया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच विधिवत वितरित किया गया। इस भव्य आयोजन का संचालन श्री खाटू श्याम परिवार समिति द्वारा किया गया। समिति पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। हेमंत मोराने ने बताया कि रंगभरी ग्यारस पर निकली यह पदयात्रा नगर की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है। इत्र की महक, गुलाल की बौछार, ढोल-ताशों की गूंज और जयघोषों के बीच निकली यह विराट निशान पदयात्रा नगरवासियों के लिए लंबे समय तक यादगार बनी रहेगी।

51 Views
What do you think?

Leave a Reply