अधिकारी कार्य की गहराई में जाएं, ठोस परिणाम दिखें

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-कार्य में लापरवाही पूरे सिस्टम को प्रभावित करेगी
ग्राम पंचायतों में जलकर एवं स्वच्छता कर की वसूली की जाए
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जिले के अधिकारियों से कहा है कि वे सरकार की प्रत्येक योजना एवं कार्यक्रम को गहराई से समझें एवं उसके क्रियान्वयन के लिए गंभीरता से कार्य करें। प्रत्येक विभाग के कार्य के ठोस परिणाम परिलक्षित होना चाहिए। किसी भी विभाग के कार्य में लापरवाही पूरे सिस्टम को प्रभावित करती है। सोमवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उन्होने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अपने कार्य के प्रति पूरी तरह जिम्मेदार रहने की भी हिदायत दी। बैठक में कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों द्वारा जल कर एवं स्वच्छता कर की वसूली किये जाने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि जहां संपत्ति कर की वसूली की जाना है, वहां सम्पत्ति कर की वसूली भी की जाए। स्थानीय शासकीय पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित कार्यक्रम में एक्सपायरी डेट के भोजन वितरण का मामला सामने आने पर कलेक्टर ने कहा कि भोजन तैयार करने वाले संस्थान की जांच की जाए। गांगला में नवनिर्मित सड़क के निर्माण से पानी की निकासी अवरूद्ध होने की शिकायत मिलने पर उन्होने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को जवाब देने के निर्देश दिए। बैठक से पीएमजीएसवाय के महाप्रबन्धक एसके त्रिपाठी गैर हाजिर रहने पर कलेक्टर ने उनको नोटिस देने एवं संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। टिमरनी नगरीय क्षेत्र में सीसीटीवी चालू हालत में रखे जाने के निर्देश भी सीएमओ को दिए।
नगरीय क्षेत्रों में स्ट्रीट वेण्डर रखेंगे 2-2 डस्टबिन
बैठक में कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में स्ट्रीट वेण्डर्स के पास गीला एवं सूखा कचरा संग्रहित करने के प्रथक-प्रथक डस्टबिन रखवाने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि खासतौर पर खानपान की दुकानों पर उपयोग की गई प्लेट चम्मच इत्यादि को डस्टबिन में संग्रहित किया जाए, उनका कचरा सड़कों पर न फैले। मुख्य नगर पालिका अधिकारी डस्टबिन रखवाने के लिये जिम्मेदार रहे। अनुविभागीय राजस्व अधिकारी अपने क्षेत्र में निरीक्षण कर डस्टबिन रखवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा को लेकर आयोजित होने वाली बैठकों की जानकारी निर्धारित पोर्टल पर अपलोड नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक टीएल बैठक में सड़क सुरक्षा सप्ताह का कार्यवाही विवरण पोर्टल पर अपडेट होने संबंधी जानकारी से अवगत कराएंगे।
जनगणना 2027 मकानों पर नम्बर डालने का कार्य प्रारम्भ करें
बैठक में कलेक्टर ने जनगणना 2027 के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होने कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में मकानों की गणना के लिए घरों पर नम्बर डालने का कार्य शीघ्रता से प्रारम्भ किया जाए। उन्होने कहा कि जनगणना की तैयारी में कोई लापरवाही न बरती जाए।
सौर ऊर्जा से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में लाएं गति
कलेक्टर ने किसानों एवं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए संचालित सौर ऊर्जा से संबंधित योजनाओं एवं उनमें मिलने वाले अनुदान का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि किसानों एवं घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा उपकरण लगवाने के लिए आकर्षित किया जाए।
अवैध उत्खनन के मामलों में कोई रियायत न हो
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि अवैध खनिज उत्खनन के मामलों में सख्ती से कार्यवाही की जाए। ऐसे प्रकरणों में कोई रियायत न बरती जाए। कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में स्थित उद्यानों एवं पार्कों की दशा में सुधार लाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि सभी उद्यानों एवं पार्कों का समुचित संधारण किया जाए। हरदा नगरीय क्षेत्र में स्थित नेहरू पार्क की व्यवस्थाओं में भी अपेक्षित सुधार लाया जाए। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत प्रारम्भ किए गए ‘वाश ऑन व्हील्सÓ पर तैयार की गई संक्षित फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। इस दौरान फार्मर रजिस्ट्री, नर्मदा परिक्रमा पथ निर्माण के अंतर्गत अभी तक की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही विभिन्न विभागीय योजनाओं में किये जा रहे कार्यों की भी साप्ताहिक समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, संयुक्त कलेक्टर सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डेहरिया, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Views Today: 14

Total Views: 14

Leave a Reply

error: Content is protected !!