-मक्का खरीदी से एम्बुलेंस अव्यवस्था तक उठे सवाल
अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के छठवें दिवस हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने सदन में जिले से जुड़े किसान, महिला-बाल विकास, पेयजल, जनजातीय कल्याण एवं स्वास्थ्य सेवाओं के महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। विधायक श्री दोगने ने रबी सीजन की मक्का खरीदी समर्थन मूल्य पर प्रारंभ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मक्का का बाजार भाव समर्थन मूल्य से काफी कम है, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है। इस पर खाद्य मंत्री ने उत्तर दिया कि पूर्व वर्षों में रबी मक्का का उपार्जन नहीं होने और भारत सरकार की नीति के कारण समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रस्तावित नहीं है। नल-जल योजनाओं की प्रगति पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री ने बताया कि हरदा विधानसभा के 232 ग्रामों में से 228 ग्रामों में पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है तथा अपूर्ण योजनाओं को 31 मार्च 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। आंगनवाड़ी केन्द्रों की स्थिति पर महिला एवं बाल विकास मंत्री ने जानकारी दी कि जिले में 699 आंगनवाड़ी केन्द्र संचालित हैं, जिनमें से 262 के पास स्वयं का भवन नहीं है और 82 जर्जर अवस्था में हैं। पिछले तीन वर्षों में 7684 कुपोषित बच्चों की पहचान कर उपचार किया गया है। अनुसूचित जाति/जनजाति बस्तियों में विकास कार्यों के संबंध में जनजातीय कार्य मंत्री ने बताया कि 18 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिन पर आवंटन की सीमा में स्वीकृति दी जाती है। विधायक ने 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया और संख्या बढ़ाने, ग्रामीण क्षेत्रों में तैनाती तथा निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की। विधायक डॉ. दोगने ने कहा कि वे हरदा जिले के जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में लगातार उठाते रहेंगे और किसानों, महिलाओं तथा आमजन के हितों से कोई समझौता नहीं होने देंगे।
Views Today: 14
Total Views: 14

