अनोखा तीर, हरदा। संस्कार विद्यापीठ स्कूल में इंग्लिश लैंग्वेज मास्टर्स के पद पर आसीन सेक्रेटरी, जनरल सेक्रेटरी सहित विभिन्न पदों पर वर्षभर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का पदभार समापन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सम्मान समारोह के दौरान अपने बैच जमा किए तथा सत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं व्यवहार के लिए प्रशस्ति पत्र प्राप्त किए। सत्र की शुरुआत में 100 से अधिक विद्यार्थियों को पदभार सौंपते हुए यह जिम्मेदारी दी गई थी कि वे विद्यालय में सकारात्मक एवं कार्यशील वातावरण तथा अंग्रेज़ी बोलने का माहौल तैयार करें। यह प्रणाली एक क्रमबद्ध (हायरार्की) व्यवस्था पर आधारित थी, जिसमें शीर्ष नेतृत्व से लेकर कक्षा नेतृत्व तक सभी की जिम्मेदारी तय थी। विद्यार्थियों ने मिलकर विद्यालय के वातावरण को बेहतर बनाने का कार्य किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने नेतृत्व, सार्वजनिक भाषण (पब्लिक स्पीकिंग), टीम वर्क, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण जैसे गुण विकसित किए। उन्हें भविष्य के सीईओ और आईएएस अधिकारी की तरह सोचने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रशिक्षण सत्र एवं व्यक्तित्व विकास कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जिनमें विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। बताया गया कि हरदा जिले में पहली बार किसी विद्यालय ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार का कार्यक्रम प्रारंभ किया। समापन कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस पहल ने उनके व्यक्तित्व और चरित्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में प्रबंधक नेहा पटेल ने आगामी सत्र के इनोवेटिव एक्सपेरिमेंट लर्निंग प्रोग्राम की प्रस्तावना प्रस्तुत की। यह कार्यक्रम वैज्ञानिक पद्धति एवं व्यवहारिक शिक्षा पर आधारित होगा, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और खोज की भावना विकसित करना है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों के संपूर्ण विकास को सुनिश्चित करना है। समारोह में विशेष अतिथि के रूप में प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं समाजसेवी प्रो एल एन पाराशर, व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षक एवं मनोवैज्ञानिक पंकज शर्मा तथा ज्योतिषाचार्य एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शक पंकज सिटोके ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक उद्बोधन देकर मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में शाला प्रबंधन के नटवर पटेल, नवनीत पटेल, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्राचार्य जय सिंह पवार ने पधारे सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Views Today: 12
Total Views: 12

