अनोखा तीर, हरदा। हरदा आदर्श महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं रेड रिबन क्लब द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग, चाइल्ड लाइन यूनिट के सहयोग से छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, बाल विवाह, बालश्रम, भिक्षावृत्ति, पॉक्सो एक्ट, देखरेख एवं संरक्षण वाले बच्चों तथा सोशल मीडिया जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला हरदा की ओर से चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम के रविराज राजपूत, दिव्या राजपूत, शुभम धामिक एवं आशीष जोशी, महाविद्यालय के संरक्षक आबिद अली, रेड रिबन क्लब प्रभारी प्रभुदयाल उमरिया तथा सहप्रभारी प्राध्यापक अंकिता यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रविराज राजपूत एवं दिव्या राजपूत ने विद्यार्थियों को बाल विवाह रोकने के उपायों तथा इसके दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं एवं प्रश्नों को ध्यानपूर्वक सुना और उनका संतोषजनक समाधान किया। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता और आवश्यकता पर विशेष प्रकाश डाला। विशेषज्ञों द्वारा दी गई जानकारी को विद्यार्थियों ने गंभीरता से सुना। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना था। वक्ताओं ने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या शोषण की स्थिति में 1098 हेल्पलाइन पर तत्काल संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में दिव्या राजपूत ने छात्राओं को शारीरिक स्वच्छता की जानकारी भी दी। अंत में अंकिता यादव द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा मंच का सफल संचालन प्राध्यापक वाणी धार्मिक ने किया। कार्यक्रम में समस्त स्टाफ एवं रेड रिबन क्लब व रासेयो इकाई के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Views Today: 20
Total Views: 20

