अनोखा तीर, हरदा। लाल बहादुर शास्त्री व्यावसायिक अध्ययन महाविद्यालय, हरदा में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्लेसमेंट अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा विद्यालयों की आवश्यकतानुसार योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित करना रहा। शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ की नियुक्ति के लिए कुल 75 रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया संपन्न की गई, जिसमें जिले के 8 प्रतिष्ठित विद्यालयों ने सहभागिता की। इनमें सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल हरदा, विजन इंटरनेशनल स्कूल हरदा, सनराइज हायर सेकेंडरी स्कूल टिमरनी, तक्षशिला हायर सेकेंडरी स्कूल हरदा, द फाउंडेशन ऑफ एजुकेशन स्कूल हरदा, महर्षि ज्ञान पीठ हायर सेकेंडरी स्कूल हरदा, होली फेथ हायर सेकेंडरी स्कूल हरदा एवं एक्सेल हाइट्स स्कूल हरदा शामिल रहे। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत अभ्यर्थियों का लिखित परीक्षा, समूह चर्चा एवं व्यक्तिगत साक्षात्कार के माध्यम से मूल्यांकन किया गया। इस प्लेसमेंट ड्राइव में कुल 79 विद्यार्थियों ने सहभागिता की, जिनमें से 31 विद्यार्थियों का विभिन्न विद्यालयों में अंतिम रूप से चयन हुआ। चयनित विद्यार्थियों में स्नेहा गौर, राजकुमारी, मनीषा रामकुचे, चेतन यादव, मनराज नागले, अंजली राठौर, गीतिका बुंदेला, हर्षाली बड़ोदिया, अंजली पवार, खुशी अजमेरा, गणेश चौहान, महक राजपूत, हर्षाली मुराने, दीप्ति श्रीवास्तव, स्नेहा तिलोरे, रितिका अग्रवाल, कविता गौर सहित अन्य विद्यार्थी शामिल हैं, जिनमें से कुछ विद्यार्थियों का एक से अधिक विद्यालयों में भी चयन हुआ है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव खरे ने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था का परिणाम बताया। वहीं महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल ने जानकारी दी कि भविष्य में भी विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
Views Today: 8
Total Views: 8

