-12 ज्योतिर्लिंग और चार धाम यात्रा का लिया संकल्प
-अब तक 10 राज्यों में 7 हजार किमी का सफर
अनोखा तीर, हरदा। आज के दौर में जब कुछ कदम चलने के लिए भी लोग वाहनों पर निर्भर होते जा रहे हैं, ऐसे समय में हरदा जिले का एक युवा केवल साइकिल के सहारे पूरे देश के भ्रमण पर निकल पड़ा है। यह यात्रा केवल दूरी तय करने का प्रयास नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प, साहस और समाज को सकारात्मक संदेश देने की प्रेरणादायक मिसाल बन रही है। मध्यप्रदेश के हरदा जिले के खेड़ीपुरा कहारवाड़ी निवासी धीरज चंदेवा पिता गोपालदास चंदेवा, इन दिनों अपनी अनोखी और साहसिक साइकिल यात्रा को लेकर चर्चा में हैं। धीरज चंदेवा भारत भ्रमण साइकिल यात्रा अभियान के तहत 12 ज्योतिर्लिंग और चार धाम की यात्रा के संकल्प के साथ निकले हैं। उनकी यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और स्वच्छ जीवनशैली का संदेश भी दे रही है। धीरज चंदेवा ने बताया कि उनकी साइकिल यात्रा 22 सितंबर 2025 को हरदा से प्रारंभ हुई थी। अब तक वे देश के लगभग 10 राज्यों की यात्रा पूरी कर चुके हैं और करीब 7 हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी साइकिल से तय कर चुके हैं। वर्तमान में वे नेपाल पहुंचे हुए हैं, जहां उन्होंने काठमांडू एवं पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन किए। नेपाल से आगे वे उत्तर प्रदेश स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर सहित अन्य ज्योतिर्लिंगों और चार धाम की ओर अपनी यात्रा जारी रखेंगे। हरदा के उनके मित्र राजू हरने और गौरव चोलकर से हाल ही में हुई चर्चा के दौरान, जब धीरज नेपाल में थे, उन्होंने बताया कि इस साइकिल यात्रा का मुख्य उद्देश्य धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ-साथ आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। यात्रा के दौरान वे लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने, प्रकृति को बचाने और साइकिल को स्वस्थ जीवनशैली का माध्यम बनाने की अपील कर रहे हैं। धीरज का कहना है कि साइकिल यात्रा से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि प्रकृति के करीब रहने और समाज से सीधे जुड़ने का अवसर भी मिलता है। यात्रा के दौरान विभिन्न राज्यों में उन्हें लोगों का भरपूर सहयोग, स्नेह और आशीर्वाद मिला है, जिससे उनका संकल्प और भी मजबूत हुआ है। जहां-जहां वे पहुंचे, वहां स्थानीय लोगों ने उनकी इस कठिन, साहसिक और प्रेरणादायक साइकिल यात्रा की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। लोगों का कहना है कि इस तरह की यात्राएं युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत होती हैं और देश की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करती हैं। हरदा के धीरज की यह साइकिल यात्रा आस्था, संकल्प और साहस का प्रेरक उदाहरण बन रही है।
Views Today: 2
Total Views: 78

