सेवा, समर्पण और संकल्प की भावना के साथ एनएसएस शिविर का समापन

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। लाल बहादुर शास्त्री व्यावसायिक अध्ययन महाविद्यालय, हरदा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम बुंदडा में आयोजित सात दिवसीय इकाई विशेष शिविर का समापन समारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर भजन, गीत, नृत्य एवं शिविर अनुभवों की भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ दी गईं। स्वयंसेवकों द्वारा शिविर दर्पण तथा बौद्धिक सत्रों को चार्ट के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने अतिथियों एवं ग्रामवासियों को भावविभोर कर दिया। समारोह में डॉ.विजय अग्रवाल (प्राचार्य, शासकीय आदर्श महाविद्यालय, हरदा, डॉ. एलएन पाराशर पूर्व कार्यक्रम समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल, डॉ. धर्मेंद्र शाक्य एवं कृष्णकुमार सातनकर (सहायक प्राध्यापक) की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों ने स्वयंसेवकों द्वारा किए गए श्रमदान, सामाजिक सहभागिता एवं जनहितकारी गतिविधियों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें समाज सेवा के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की कार्यकारी निदेशिका डॉ. मोना खरे एवं उपप्राचार्य डॉ. संजय भार्गव ने सात दिवसीय शिविर के सफल एवं अनुकरणीय आयोजन के लिए स्वयंसेवकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं। समापन अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मान स्वरूप प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए। महाविद्यालय से डॉ. धीरज नेगी, कविता सरोदे एवं प्रांशु पारे ने भी स्वयंसेवकों के समर्पण, अनुशासन एवं सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का समापन कैंप फायर के सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं जय जगत, जय जगत गीत के सामूहिक गायन के साथ किया गया, जिसने संपूर्ण वातावरण को सेवा, सद्भाव और संकल्प की भावना से ओतप्रोत कर दिया। पूर्व जिला संगठन जगदीश गौर एवं कार्यक्रम अधिकारी हर्षा जायसवाल द्वारा शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने हेतु ग्राम बुंदडा के समस्त ग्रामवासियों को महाविद्यालय की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Views Today: 34

Total Views: 34

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!