नहर में मिला लापता महिला का शव

-बेटी के साथ नहाते समय डूबी थी, गहरे पानी में जाने से हादसा
अनोखा तीर, हरदा। सिराली थाना क्षेत्र के ग्राम जिनवनिया के पास सोमवार सुबह नहर में एक महिला का शव मिला। नहर में शव बहता हुआ देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खिरकिया भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिराली थाने में पदस्थ एएसआई संजय शर्मा ने बताया कि मृत महिला की पहचान रहटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम चन्द्रखाल बोबदा निवासी 60 वर्षीय कोकोबाई पति मिश्री कोरकू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कोकोबाई 31 जनवरी को दोपहर में अपनी बेटी के साथ नहर में नहाने गई थीं। इसी दौरान उनकी बेटी कुछ दूर चली गई। उसी समय कोकोबाई गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। घटना के बाद परिजनों ने महिला की काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। बाद में रहटगांव थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शव मिलने के बाद पुलिस आगे की जांच कर रही है।

77 Views

Leave a Reply