-50 हजार रिश्वत लेते डाटा मैनेजर रंगे हाथ गिरफ्तार
अनोखा तीर, छिंदवाड़ा। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के एक संविदा डाटा मैनेजर को 50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता पुष्पा वडघरे नर्सिंग ऑफिसर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहनाकला, ब्लॉक पिंडरईकला, जिला छिंदवाड़ा में पदस्थ हैं। उन्होंने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका स्थानांतरण नजदीकी संजीवनी क्लीनिक में कराने के एवज में जितेन्द्र यदुवंशी (48 वर्ष), डाटा मैनेजर (संविदा), एनएचएम, सीएमएचओ कार्यालय खजरी, छिंदवाड़ा द्वारा 50 हजार की मांग की जा रही थी। शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। सोमवार को सीएमएचओ कार्यालय, प्रथम तल, खजरी में आरोपी को शिकायतकर्ता से 50 हजार लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में टीएलओ निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक राहुल गजभिये, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय सहित लोकायुक्त जबलपुर का विशेष दल शामिल रहा। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से शासकीय विभागों में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के विरुद्ध कड़ा संदेश गया है।
लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

108 Views




