अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम में डेढ़ साल पहले मंडी निधि से लगभग ढाई करोड़ रुपए की लागत से डेढ़ किलोमीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ठेकेदार द्वारा कराया गया था। सड़क निर्माण के बाद से ही ठेकेदार द्वारा कोई सुध नहीं ली जा रही है, जिससे सड़क की हालत लगातार खराब बनी हुई है। कई स्थानों पर गिट्टी बाहर निकल आई है, जिसके कारण दोपहिया वाहन चालक गिरकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष ग्राम में स्टेट हाईवे से स्कूल के पीछे होते हुए गांगला तक जाने वाली डेढ़ किलोमीटर सीसी सड़क का निर्माण किया गया था। इस सड़क के रखरखाव की गारंटी अवधि पांच वर्ष निर्धारित है, लेकिन निर्माण के डेढ़ साल बाद भी संबंधित ठेकेदार द्वारा सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया। शासन के नियमानुसार नई बनने वाली सड़कों का रखरखाव पांच साल तक निर्माणकर्ता ठेकेदार को करना होता है, इसके बावजूद विभाग और ठेकेदार दोनों ही इस सड़क की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कई स्थानों पर साइड सोल्डर अधूरे होने से सड़क का निर्माण भी पूर्ण रूप से नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों को सुविधा का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण राशि तो निकाल ली गई, लेकिन सड़क में बने गड्ढों और निकल रही गिट्टी का कोई सुधार नहीं किया गया।
निकलने लगी डामर की परत
सड़क निर्माण के साथ ही कई जगह रेत और गिट्टी बाहर आने लगी थी। ग्रामीणों की शिकायत के बाद संबंधित ठेकेदार ने आधी दूरी तक सीसी सड़क पर डामर की परत चढ़ाई, लेकिन वह परत भी अब निकलने लगी है। कुछ समय के लिए कुछ स्थानों पर राहत मिली, लेकिन करीब पौन किलोमीटर सड़क पर अब भी गिट्टी, सीमेंट और चुरी निकल रही है, जिससे दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। घटिया निर्माण के कारण पूरी सड़क जर्जर स्थिति में पहुंच गई है और इसकी गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। यह सड़क लोक निर्माण विभाग द्वारा ठेकेदार के माध्यम से बनाई गई थी, लेकिन अधिकांश हिस्सों में गिट्टी और सीमेंट निकलने से बारिश का मौसम समाप्त होते ही धूल के गुबार उड़ने लगे हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है, वहीं पैदल चलने वाले राहगीरों को धूल और डस्ट के कारण एलर्जी की शिकायत हो रही है। पूर्व में ग्रामीणों द्वारा उच्च अधिकारियों से शिकायत करने पर ठेकेदार ने स्कूल के पीछे से होली चौक तक डोलीघाट पर बनी पुलिया से लगभग 200 मीटर तक डामर कर दिया, लेकिन शेष सड़क की हालत अब भी खराब बनी हुई है। स्कूल के पीछे भी कई स्थानों पर सड़क की स्थिति बिगड़ गई है। गांगला के ग्रामीण जुगल किशोर रायखेरे, नंदकिशोर पुनासे, बृज किशोर पुनासे, गणेश पुनासे और राकेश पुनासे ने बताया कि गांव में सड़क की गुणवत्ता इतनी खराब है कि कई जगह गिट्टी निकलने से वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़क पर डामर करने या सीमेंट डालकर तत्काल सुधार कार्य कराने की मांग की है।
Views Today: 2
Total Views: 116

