अनोखा तीर, रहटगांव। नगर के बस स्टैंड चौक स्थित संत रविदास मंदिर में रविवार को 649वीं संत रविदास जयंती श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संत रविदास की पूजा-अर्चना की गई। जानकारी के अनुसार राजा रंगीले, मुकेश रंगीले, सरपंच सुमित्रा सुरज रंगीले सहित उनके परिवारजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम के दौरान संत रविदास की जीवनी पर प्रकाश डाला गया और उनके विचारों व संदेशों को उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच साझा किया गया। बताया गया कि प्रतिवर्ष संत रविदास के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भव्य रूप से रविदास जयंती मनाई जाती है। इस दिन श्रद्धालु नगर कीर्तन निकालते हैं, प्रात:काल पवित्र नदियों एवं जल स्रोतों में स्नान करते हैं तथा मंदिर में जयंती पर्व में शामिल होकर अपने गुरु की प्रार्थना करते हैं। साथ ही संत रविदास के दोहों का उच्चारण कर उनके आदर्शों को स्मरण किया जाता है।




