कलेक्टर की गाड़ी के समक्ष ग्रामीणों ने बजाई थाली
अनोखा तीर, हरदा। जिले की ग्राम पंचायत कोलीपुरा के ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला पंचायत में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचकर अनोखा प्रदर्शन किया। सरपंच शिवनारायण देवड़ा के साथ करीब दो दर्जन ग्रामीण थाली बजाते हुए पहुंचे और कलेक्टर की गाड़ी के सामने थाली बजाकर अपना विरोध जताया। उनकी मांग है कि पंचायत भवन के लिए राजस्व विभाग जल्द से जल्द शासकीय जमीन उपलब्ध कराए। क्योंकि भवन के अभाव में पंचायत के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सरपंच शिवनारायण देवड़ा ने बताया कि पंचायत भवन निर्माण के लिए राशि 6 महीने पहले स्वीकृत हो गई थी। लेकिन राजस्व विभाग के अधिकारी शासकीय भूमि उपलब्ध नहीं करा पाए। वे पिछले 6 महीने से अलग-अलग दफ्तरों में जाकर आवेदन दे चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर उन्हें आज थाली बजाकर प्रशासन को जगाना पड़ा।
कृषि विज्ञान केंद्र के पास मांगी जमीन
ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत भवन के लिए खसरा नंबर 18, रकवा 0.11 हेक्टेयर में से 4000 वर्गफीट जमीन आवंटित करने का प्रस्ताव दिया गया था। फिलहाल इस स्थान पर कृषि विज्ञान केंद्र बना हुआ है,, लेकिन पास ही काफी जगह खाली पड़ी है।
एसडीएम ने दिया आश्वासन
ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन पर एसडीएम अशोक डेहरिया ने तत्काल संज्ञान लेते हुए ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि आज ही जमीन चिह्नित करने की कार्रवाई की जाएगी और एक सप्ताह के भीतर आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। ताकि पंचायत भवन का कार्य प्रारंभ हो सके।
अनोखा प्रदर्शन ….

89 Views


