अनोखा तीर, हरदा। जिले को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस 150 बिस्तरों वाले नए जिला अस्पताल की सौगात मिलने जा रही है। करीब 35 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इस चार मंजिला इमारत में फरवरी माह से स्वास्थ्य सेवाएं प्रारंभ होने की संभावना है। इसके बाद जिले के हजारों लोगों को एक ही छत के नीचे बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह ने बताया कि नई बिल्डिंग आधुनिक तकनीक और मशीनों से सुसज्जित है। इसमें कुल 150 बिस्तरों की व्यवस्था रहेगी। जिससे बड़ी संख्या में मरीजों का इलाज संभव होगा। अस्पताल में महिला वार्ड, ब्लड बैंक, मॉडर्न जांच लैब और डॉक्टरों के अलग-अलग चैंबर होंगे, जिससे मरीजों को संबंधित बीमारियों के उपचार के लिए डॉक्टरों तक पहुंचने में आसानी होगी। नए अस्पताल भवन में स्वासथ्य सेवाएं शुरू होने के बाद मरीजों को अन्य शहरों में रेफर करने की संख्या में कमी आने की उम्मीद है। प्रत्येक बिस्तर पर ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध होगी। मरीजों और उनके परिजनों के लिए ऊपरी मंजिलों पर जाने हेतु तीन लिफ्ट लगाई जा रही हैं। साथ ही, मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के भोजन के लिए भी एक स्थान तैयार किया जा रहा है।
चौथी मंजिल पर क्रिटिकल केयर ब्लॉक
नए अस्पताल के चार मंजिला भवन का काम जून 2022 में प्रारंभ हुआ था। जिसका जून 2023 तक पूरा होने का लक्ष्य था। इसकी चौथी मंजिल पर क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। कुल लागत 34 करोड़ रुपए से तैयार अस्पताल परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।
गंदगी फैलाने पर 200 रुपए का जुर्माना
डॉ. सिंह ने यह भी बताया कि नई बिल्डिंग में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सख्त नियम लागू किए जाएंगे। प्रवेश के दौरान ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी चेकिंग करेंगे और पाउच या बीड़ी-सिगरेट के पैकेट मिलने पर उन्हें जब्त कर लिया जाएगा। गंदगी फैलाने वालों पर 200 रुपए का जुर्माना भी लगेगा।
Views Today: 2
Total Views: 50

