अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल ने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आत्मीय शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात के दौरान संगठन, जनसेवा और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर नववर्ष की शुभकामनाएं भी प्रेषित की गईं। अपने प्रवास के प्रथम दिवस कमल पटेल ग्राम सोनपैरी, जिला रायपुर में आयोजित हिन्दू सम्मेलन में सहभागी बने। सम्मेलन में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का उद्बोधन सुना तथा राष्ट्रीय संत असंगदेव का सानिध्य प्राप्त किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं से भी शिष्टाचार भेंट हुई। छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान कमल पटेल की रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल से भी आत्मीय मुलाकात हुई। इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के समय की स्मृतियां ताजा हुईं। दोनों नेताओं के बीच संगठन, जनसेवा और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। अनुभवी जनसेवकों के साथ बिताया गया यह समय प्रेरणादायी और आत्मीय बताया गया।


