अनोखा तीर, रहटगांव। वर्तमान दिनों में बिजली विभाग द्वारा बिजली बिल बकायादारों के खिलाफ लगातार बड़ी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम सिंगनपुर में 79 उपभोक्ताओं पर कुल 7.63 लाख रुपये की बकाया राशि होने के चलते ग्राम के नंबर दो ट्रांसफार्मर को बिजली विभाग द्वारा उतार लिया गया है। वितरण केंद्र प्रभारी तरुण वर्मा ने मौके पर उपभोक्ताओं को समझाइश दी कि वर्तमान में मध्यप्रदेश शासन द्वारा समाधान योजना चलाई जा रही है, जिसके अंतर्गत 31 दिसंबर 2025 तक 100 प्रतिशत सरचार्ज माफ किया जा रहा है। इस योजना का लाभ लेकर उपभोक्ता बकाया बिजली बिल जमा कर सरचार्ज में छूट प्राप्त कर सकते हैं। जेई तरुण वर्मा ने यह भी बताया कि वितरण केंद्र क्षेत्र के ऐसे सभी ट्रांसफार्मरों को चिन्हित कर लिया गया है, जिन पर बिजली बिल बकाया है और संबंधित उपभोक्ता भुगतान नहीं कर रहे हैं। ऐसे ट्रांसफार्मरों को क्रमश: उतारकर कार्यालय लाया जाएगा। उन्होंने बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे शीघ्र बकाया बिजली बिल का भुगतान करें, ताकि किसी भी अप्रिय कार्यवाही से बचा जा सके।

