-29 दिसंबर को रैली व अनिश्चितकालीन धरना
अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले में अवैध शराब की बिक्री एवं उत्पादन को तत्काल बंद कराने की मांग को लेकर भारत आदिवासी पार्टी द्वारा रैली एवं अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में भारत आदिवासी पार्टी, हरदा द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) हरदा को ज्ञापन देकर अनुमति मांगी गई है। जारी प्रेस नोट के माध्यम से बताया कि हरदा जिले के विभिन्न गांवों में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री और उत्पादन जारी है। इससे विशेष रूप से आदिवासी एवं अन्य कमजोर वर्गों के युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, वहीं पारिवारिक कलह, हिंसा एवं अपराध की घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है। पार्टी ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाई जाए। रैली का प्रारंभ स्थल तेजाजी चौक, हरदा रहेगा, जबकि समापन कलेक्ट्रेट कार्यालय हरदा पर किया जाएगा। यह रैली 29 दिसंबर 2025 सोमवार को प्रात: 10 बजे से प्रारंभ होगी, जिसमें लगभग 100 से 500 आदिवासी, अन्य प्रभावित नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। रैली के समापन के तुरंत बाद दोपहर 12 बजे से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जो तब तक जारी रहेगा जब तक अवैध शराब की बिक्री पूरी तरह बंद नहीं हो जाती। धरना प्रदर्शन में लगभग 50 से 300 लोगों की उपस्थिति रहने का अनुमान है। भारत आदिवासी पार्टी ने प्रशासन से शांतिपूर्ण रैली एवं धरना प्रदर्शन की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया है।
Views Today: 2
Total Views: 98

