Skip to content
Sunday, 1 November 2026
हरदा

आहार शुद्ध होगा तो बुद्धि हमें जीवन में सही दिशा में ले जाएगी : डॉ.गोवर्धनराम

3 min read
Text Size:

 

–कल मेले के साथ विश्नोई समाज के अगहन महोत्सव का होगा समापन

अनोखा तीर, हरदा। नीमगांव स्थित श्रीगुरु जम्भेश्वर मंदिर में विश्नोई समाज का पांच दिवसीय अगहन महोत्सव मनाया जा रहा है। सुबह साढ़े सात बजे से मंदिर परिसर में हवन यज्ञ कर पर्यावरण शुद्धि के लिए आहुतियां छोड़ी गई। तीसरे दिन शुक्रवार की जाम्भाणी हरिकथा का शुभारंभ आचार्य संत डा. गोवर्धनराम शिक्षा शास्त्री ने श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी हे नाथ नारायण वासुदेवा गायन के साथ कथा का शुभारंभ किया गया। कथा का वाचन करते हुए उन्होंने कहा कि सद्गुरु जम्भेश्वर भगवान ने अपनी वाणी में कहा था कि कर्म जितना पवित्र होगा उसका फल भी उसी तरह पवित्र होगा। कथा में उपस्थित लोगों से आचार्यश्री ने कहा कि अपने आहार पर विशेष रूप से ध्यान रखें। गुजरात के उद्योगपति के पुत्र की सच्ची घटना का उल्लेख करते हुए आचार्य संत डा. गोवर्धनराम महाराज ने कहा कि अरबपति का नौजवान पुत्र पिता की संपत्ति को छोड़कर घर से केवल एक चादर ओढ़कर हिमालय की ओर निकल पड़ा। उसने अपना सुब कुछ छोड़कर प्रभु भक्ति में मन लगा लिया और एक हम हैं जो मोह माया की ओर भाग रहे हैं। जिस तरह एक चीटी अनाज का एक दाना लेकर ऊंचाई पर चढ़ने का बार बार प्रयास करती है और गिर जाती है, लेकिन एक समय वह इस काम में सफल हो जाती है। उसी तरह हमें जीवन में एक लक्ष्य बनाकर उसे प्राप्त करने के लिए पूरी ईमानदारी से मेहनत करनी चाहिए। भटकते हुए मन को दुनिया की मोह माया से दूर रहकर लक्ष्य बनाकर प्रभु भक्ति में लगाना चाहिए। मनुष्य का आहार अगर शुद्ध नहीं होगा तो मन का भटकाव होगा। जाम्भोजी ने भी अपनी पवित्र वाणी में कहा कि मानव को अपना भोजन अपने हाथ से शुद्ध तरीके से बनाना चाहिए। भोजन शुद्ध होगा तो बुद्धि सही निर्णय देगी। मानव शुद्ध भोजन करेगा तो जीवन में वह कभी कोई गलत काम कर रही नहीं सकता।

आज होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम  

मध्यक्षेत्र विश्नोई सभा के सचिव पूनमचंद्र पवार ने बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे। इसमें समाज के 10 वर्ष के बच्चों के लिए मौखिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इसी दिन शाम 6 बजे से मंदिर से भगवान जम्भेश्वर की विशाल शोभयात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों होती हुई मंदिर में समाप्त होगी। रात 9 बजे से मंदिर में रात्रि जागरण का कार्यक्रम किया जाएगा।

337 Views
What do you think?

Leave a Reply