देवास। उपचार के दौरान आर्थिक परेशानी के चलते सड़क दुर्घटना में कई व्यक्तियों की जान चली जाती है। उन्हें वह उचित इलाज नहीं मिल पाता है, जो मिलना चाहिए। इसी को लेकर सरकार शासकीय एवं आयुष्मान संबद्ध अस्पतालों का एक ऐसा नेटवर्क बना रही है, जिसमें सड़क दुर्घटना के घायलों को निशुल्क त्वरित उपचार मिल सकेगा और इसका खर्च सरकार वहन करेगी। फिलहाल योजना प्रदेश में सिर्फ भोपाल में ही लागू की गई है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी व कार्यकारी अध्यक्ष प्रवक्ता सुधीर शर्मा ने बताया कि आयुष्मान भारत निरामय में योजना के तहत पंजीकृत अस्पतालों की टैगिंग प्राथमिकता से की जाएगी, जिससे कि दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को उपचार हेतु शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम राशि के अलावा 5 लाख तक के कैशलेस उपचार की अतिरिक्त सुविधा भी मिल सकेगी। योजना के अंतर्गत अभी भोपाल में सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों को तुरंत और मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके तहत सरकारी और आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पताल में डेढ़ लाख रुपए तक का मुक्त इलाज मिलेगा। इसके अलावा दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को 5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा का लाभ मिल सकेगा। योजना सिर्फ भोपाल में ही लागू किए जाने को लेकर कांग्रेस ने कहा कि सिर्फ राजधानी में ही यह योजना लागू करना न्यायोचित नहीं है। योजना का क्रियान्वयन पूरे प्रदेश में होना चाहिए। आज जिस गति से वाहनों की संख्या बढ़ रही है उस मान से दुर्घटना अकेले भोपाल में नहीं देवास, इंदौर, उज्जैन सभी जगह घट रही है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की है कि योजना भोपाल में नहीं पूरे प्रदेश में लागू की जाए। इस संदर्भ में सभी जिला अध्यक्षों को एवं सीएमएचओ को निर्देशित किया जाए कि योजना का क्रियान्वयन अपने-अपने जिले में तत्काल किया जाए।
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति का फ्री इलाज योजना पूरे प्रदेश में लागू की जाए- कांग्रेस

Text Size:
713 Views
What do you think?






