Skip to content
Thursday, 29 October 2026
बैतूल मध्य प्रदेश

कबाड़ी के पास जिंदा बम मिलने से मचा हड़कम्प

3 min read
Text Size:


अनोखा तीर, बैतूल।
स्वतंत्रता दिवस और मुख्यमंत्री के जिले में आगमन को लेकर कोतवाली पुलिस द्वारा एसपी निश्चल एन झारिया के निर्देश पर सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिला मुख्यालय पर जिंदा बम और बम के खाली खोके मिलने से हड़कम्प मच गया है। आनन-फानन में पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर कबाड़ी के पूरे परिसर को सील कर दिया है। साथ ही पुलिस ने होशंगाबाद से बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की टीम को बुलाया है। साथ ही आमला एयर फोर्स से भी टीम को बुलाया गया है। दोनों ही टीम बम के विषय में जानकारी देगी उसके बाद ही मिले सेल के बारे में विस्तृत जानकारी मिल सकेगी। पुलिस ने आसपास के मकान भी खाली करा लिए हैं। पूरे मामले से हड़कम्प मचा हुआ है।


खाली कराए आसपास के मकान
एडिशनल एसपी कमला जोशी ने बताया कि कोतवाली पुलिस स्वतंत्रता दिवस और मुख्यमंत्री के दौरे लेकर सघन चैकिंग कर रही थी। चैकिंग के दौरान कबाड़ी के पास से कुछ लाइव सेल मिले हैं। इनकी जांच करने के लिए होशंगाबाद से बीडीएस टीम को बुलाया गया है। इसके साथ ही एयरफोर्स से टीम को बुलायी गयी है। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि मामला संवेदनशील है पूरे मामले की जांच की जा रही है। एएसपी श्रीमती जोशी ने बताया कि पूरे परिसर को सील कर दिया गया है और आसपास के मकान भी खाली करवा दिए गए हैं।


पीएम आवास में चल रहा कबाड़खाना
बताया जा रहा है कि जिला मुख्यालय के शिवाजी वार्ड के लोहा पुलिया के पास स्थित खंजनपुर में नईम कुरैशी का निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास में यह कबाड़खाना संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जब सर्चिंग की तो यहां 12 से 15 बम मिले हैं। एएसपी श्रीमती कमला जोशी ने बताया कि जो बम मिले हैं इनमें से कुछ लाइव सेल भी हो सकते हैं। लेकिन फिलहाल कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। उन्होंने बताया कि कबाड़ी नईम कुरैशी के पूरे परिसर को सील कर दिया गया है।


वसीम और शाहरूख ने बेचे थे यह सेल
पुलिस ने नईम कुरैशी के पुत्र आकिब कुरैशी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। आकिब भी कबाड़ खरीदने और बेचने का काम करता है। घटना को लेकर नईम कुरैशी का कहना है कि दो दिन पहले इंदिरा वार्ड बैतूल निवासी वसीम और शाहरूख ने तीन बोरी में कबाड़ लेकर आए थे और लोहा बोलकर बेचा था। नईम कुरैशी का कहना है कि यह दोनों पहले भी कबाड़ बेच चुके हैं इसलिए उनसे इसे लोहा समझकर ही लिया था। लेकिन मालूम नहीं था कि ये बम है।

344 Views
What do you think?

Leave a Reply