Skip to content
Saturday, 31 October 2026
उज्जैन

जन्मदिन मनाने के लिए दुकान कर्मी ने दोस्तों के साथ मिलकर की चोरी, नाबालिग हिरासत में

3 min read
Text Size:

अनोखा तीर उज्जैन:–बड़नगर में खोप दरवाजा क्षेत्र में स्थित किराना दुकान में हुई चोरी का सोमवार को पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए दुकान में काम करने वाले नाबालिग कर्मचारी ने दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।

आरोपित दुकान में रखे केसर के डिब्बे, काजू, बादाम, अंजीर, अखरोट के डिब्बे सहित अन्य सामान व 85 हजार रुपये चुरा ले गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों में नजर आ रही कार के माध्यम से आरोपितों के गिरफ्तार किया। आरोपित इंदौर से कार किराए पर लाए थे। यहां नंबर प्लेट निकालकर सामान भरकर ले गए थे।

एएसपी नीतेश भार्गव ने बताया कि 28 मई की रात को बड़नगर के खोप दरवाजा स्थित पल्लव पुत्र पवन अग्रवाल की किराना दुकान में चोरी की वारदात हुई थी। चोर दुकान के समीप निर्माणाधीन भवन से दुकान की छत पर पहुंचे थे। जहां का दरवाजा तोड़कर दुकान के अंदर चले गए।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को दीवार की ओर मोड़ दिया था। इसके बाद दुकान से केसर के डिब्बे, सांची घी, सिगरेट की पेटियां, गुटका के बोरे, तीस नंबर बीड़ी के कार्टून, काजू की बाल्टियां, बादाम के कट्टे, पान बहार की बोरी, अखरोट की पेटी, अंजीर की पेटी तथा दुकान के गल्ले में रखे 85 हजार रुपये चुराकर ले गए थे।

सीसीटीवी में नजर आई थी बगैर नंबर की कार

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी। इसमें एक बगैर नंबर की नीले रंग की कार नजर आई थी। कार इंदौर की ओर जाते दिखाई दी थी। टोल नाके के आगे कार पर नंबर प्लेट लगा गई थी।

जिसके आधार पर पुलिस इंदौर पहुंची तो वहां पता चला कि कार को बड़नगर के युवक अक्षय उर्फ यश पुत्र हरीश प्रजापत उम्र 21 साल निवासी खोप दरवाजा ने बुक की थी। जिसके आधार पर पुलिस ने अक्षय को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने क्षेत्र में ही रहने वाले कृतिक पुत्र अनिल शर्मा उम्र 21 वर्ष व एक नाबालिग के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया था।

दुकान में काम करता है नाबालिग, जन्मदिन मनाना

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि दुकान पर काम करने वाला एक नाबालिग उनका दोस्त है। 3 जून को कृति का जन्मदिन मनाना था। जिसकी पार्टी के लिए तीनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। इंदौर से कार किराए पर लाकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपित अक्षय की किराना दुकान के समीप ही नमकीन की दुकान है। वहीं कृतिक एलएलबी का सेकंड ईयर का छात्र है।

पुलिस का किया सम्मान

दुकान संचालक पल्लव अग्रवाल व किराना बाजार एसोसिएशन ने चोरी का पर्दाफाश करने के मामले में बड़नगर थाने के पुलिसकर्मियों व एएसपी नीतेश अग्रवाल व एसडीओपी महेंद्रसिंह परमार का सम्मान किया और पुलिस को 21 हजार रुपये का चेक भी दिया।

238 Views
What do you think?

Leave a Reply