नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, आरोपी इमरान का मकान जमींदोज, अन्‍य प्रॉपर्टी की भी निकाली जा रही जानकारी

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर सेंधवा/बड़वानी:-मंगलवार रात को नाबालिग से हुए दुष्कर्म को लेकर प्रशासन ने गुरुवार को आरोपी ऑटो चालक इमरान के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नगर के टैगोर बेड़ी स्थित उसके मकान को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।

पुलिस द्वारा आरोपी के घर व उसके आसपास के रास्तों को बैरिकेट्स लगाकर बंद कर दिया। करीब तीन घंटे चली कार्रवाई में पुलिस द्वारा चप्पे-चप्पे पर निगरानी की गई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस द्वारा शाम करीब पांच बजे भारी पुलिस बल के बीच हुई इस कार्रवाई को नगर के कई सामाजिक संगठनों ने सराहा। 

कार्रवाई को लेकर पुलिस ने आरोपी के घर पहुंचकर आरोपी के नाम प्रॉपर्टी एवं अन्य दस्तावेज की जानकारी ली। नगर पालिका द्वारा भी दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध कराए गए। नगर पालिका द्वारा बुधवार को आरोपित घर पर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया था।

अन्य प्रॉपर्टी की जानकारी मांगी

इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि हमारे द्वारा नगर पालिका से आरोपी के मकान व अन्य दस्तावेजों की जानकारी ली गई है। आरोपी के नाम पर जो प्रॉपर्टी है उसे गिराया गया है। साथ ही अन्य प्रापर्टी के संबंध में भी जानकारी ली जा रही है। वहीं अधिकारियों ने बताया कि दुष्कर्म पीड़ित बच्ची की सहायता के लिए हमने शासन के नियमों अनुसार आगे की कार्रवाई भी की है। जिसको लेकर जल्द ही निर्देश आएंगे उसी अनुसार पीड़िता को सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी।

बंद रहा था बाजार

ज्ञात हो कि मंगलवार की घटना के बाद बुधवार को नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पूरे नगर के व्यापारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखे थे। साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इस निंदनीय घटना के प्रति रोष व्यक्त किया था। जिसको लेकर प्रशासन ने भी सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी।

Views Today: 2

Total Views: 320

Leave a Reply

error: Content is protected !!