पटाखा फैक्ट्री मालिक की संपत्ति हुई नीलाम

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश के पालन में मंगलवार को न्यायालय तहसीलदार हरदा के परिसर बैरागढ़ ब्लास्ट के आरोपी राजेश पिता नंदलाल एवं सोमेश पिता नंदलाल अग्रवाल की संपत्तियों की नीलामी की कार्यवाही संपन्न हुई। कलेक्टर आदित्य सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों की अचल सम्पत्ति की कुल 24 खसरा नंबर है, जिसका शासकीय गाइडलाइन अनुसार कुल मूल्य 69 लाख 41 हजार 984 रुपए है। इसके विरुद्ध 2 करोड़ 65 लाख 42 हजार रूपये की उच्चतम बोली प्राप्त हुई। उन्होने बताया कि आरोपियों की अचल सम्पत्ति में से दो खसरे ग्राम रहटाखुर्द में खसरा नंबर 160/18 तथा वार्ड क्र. 5 हरदा में स्थित नजूल सीट क्र.10 बी प्लाट नंबर 74 के विरुद्ध कोई भी बोलीदार द्वारा बोली नहीं लगाई गई। इस अचल सम्पत्ति का शासकीय गाइडलाइन अनुसार मूल्य 1 करोड़ 54 लाख 85 हजार 875 रुपए है तथा बाजार मूल्य लगभग 3 करोड़ 99 लाख 50 हजार है। कलेक्टर आदित्य सिंह ने बताया कि जिस सम्पत्ति की मंगलवार को बोली नहीं लगाई गई, उसकी नीलामी की कार्यवाही आगामी 7 दिवस में फिर से की जाएगी। उन्होने बताया कि जिन भूमियों पर उच्चतम बोली प्राप्त हो गई है उसे जिला स्तर पर गठित दल की ओर अनुमोदन हेतु भेजा जाएगा एवं दल से स्वीकृति प्राप्त कर नियम अनुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। इस नीलामी प्रक्रिया में २० लोगों ने आरोपियों की संपत्ति की बोली लगाई। मीडिया से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने बताया कि किसी व्यक्ति द्वारा पुरानी सब्जी मंडी के मकान की बिक्री पर हाईकोर्ट से स्टे मिलने की अफवाह उड़ा दी थी, जिसके कारण मंगलवार को मकान की नीलामी में कोई खरीददार नहीं आया। उन्होंने कहा कि अगले चरण में मकान के साथ-साथ खिरकिया, हंडिया, सिराली तहसील के अंतर्गत आने वाली संपत्तियों की नीलामी की जाकर उनसे मिलने वाली राशि से प्रभावित परिवारों को सहायता दी जाएगी। गौरतलब है कि पटाखा ब्लास्ट के आरोपी फिलहाल जेल में हैं। जिसके चलते उन्हें अपनी संपत्ति की नीलामी को लेकर अपना पक्ष रखने का कोई अवसर नहीं मिला है।

Views Today: 2

Total Views: 132

Leave a Reply

error: Content is protected !!