फर्जी दस्तावेज बनाकर 19.80 लाख की बीमा राशि निकाली, आरोपित महिला व पुरुष गिरफ्तार

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर उज्जैन। शाजापुर के ग्राम सुनेरा निवासी युवक की मौत हो गई। इसके बाद कुछ लोगों ने मृतक की पत्नी के दस्तावेजों पर देवास निवासी महिला के फोटो लगाकर 19.80 लाख रुपये बीमा के निकाल लिए। महिला ने जब अपने पति की बीमा राशि लेने के लिए कंपनी में आवेदन किया तो बताया गया कि उसने राशि निकाल ली है। इसके बाद उसने माधव नगर पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने देवास निवासी महिला, पुरुष व एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था।

एसआइ पवन वास्कले ने बताया कि शाजापुर के ग्राम सुनेरा निवासी टीना पत्नी रोहित उदासी ने शिकायत की थी कि उसके पति रोहित की बीते वर्ष मौत हो गई थी। रोहित ने एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस से बीमा पालिसी ली थी। पति की मौत के बाद जब टीना ने बीमा राशि निकालने के लिए कंपनी में आवेदन किया तो वहां पता चला कि उसके नाम पर किसी और महिला ने मृतक की पत्नी टीना बनकर 19.80 लाख रुपये निकाल लिए हैं।

पुलिस ने जांच की तो पता चला कि पूजा पत्नी अनिल चौहान निवासी ग्राम बरोठा देवास ने धर्मेंद्र सांसी व एक अन्य के साथ मिलकर टीना के दस्तावेजों पर अपने फोटो लगाकर बैंक में खाता खुलवाया और उसके बाद बीमा कंपनी में राशि निकालने के लिए आवेदन किया।

पूजा ने 16 व 17 फरवरी को दो बार में कुल 19.80 लाख रुपये निकालकर अपने बैंक खाते में जमा करवा लिए। जांच के बाद पुलिस ने पूजा, धर्मेंद्र सहित एक अन्य के खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 471, 34 के तहत केस दर्ज किया था। शनिवार को पुलिस ने पूजा व धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। यहां से दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।

Views Today: 2

Total Views: 240

Leave a Reply

error: Content is protected !!