Skip to content
Sunday, 1 November 2026
हरदा

फसलों को नुकसान पहुंचा रहे बेसहारा मवेशी

2 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर, हरदा। बेसहारा मवेशी किसानों के खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों को पूरी रात जागकर फसलों की सुरक्षा करनी पड़ रही है। इसके बावजूद दर्जनों किसानों की फसल मवेशियों ने बर्बाद कर दी है। परेशान किसान गुरुवार को करीब 200 से अधिक मवेशियों को घेरकर कलेक्ट्रेट जा रहे थे, लेकिन इसके पहले प्रशासन ने उन्हें कलेक्टर बंगले के पास ही रोक लिया। वहीं सभी मवेशियों को वैकल्पिक रूप से गौशाला भिजवाया है। किसानों का कहना है कि वह अधिकारियों को अपनी परेशानी बताना चाहते थे, लेकिन इसके पहले ही उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया गया। हंडिया तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोलीपुरा के किसानों का कहना कि बेसहारा मवेशियों से पूरे गांव के किसान परेशान हैं। गेंहू चने की फसल की बोवनी करने के बाद से किसान घरों में नहीं सो पा रहे हैं। बेसहारा मवेशियों की तादात इतनी बढ़ गई है कि वह खेत के खेत चर रहे हैं। गांव के कई किसानों की फसल नष्ट हो चुकी है। फसल की रखवाली के लिए किसानों को रात-रात भर जागना पड़ रहा है। खेत से घर आते ही मवेशी फसल चरने पहुंच जाते हैं। 20 घंटे एक व्यक्ति को खेत पर रुकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मवेशियों को खदेड़कर वह गांव से दूर छोड़ आते हैं, लेकिन कुछ ही घंटों बाद वह वापस गांव पहुंच जाते हैं। इसी के चलते आज मजबूर होकर गौ वंशीय मवेशियों को करीब 15 किलोमीटर दूर पैदल घेरकर कलेक्ट्रेट छोड़ने जा रहे थे। ताकि जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को किसानों की इस समस्या का पता चले, लेकिन उसके पहले ही एसडीएम और पुलिस ने मवेशियों को कलेक्ट्रेट ले जाने से रोक लिया और उन्हें गौशाला भेजने की बात कही है। उधर एसडीएम केसी परते ने कहा कि नगर पालिका व पशुपालन विभाग के अधिकारियों को बुलाकर सभी मवेशियों को गौशाला में भिजवाया जा रहा है।

104 Views
What do you think?

Leave a Reply