अनोखा तीर, हरदा। जिले के हंडिया थाना क्षेत्र में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला दरिंदों की हवस का शिकार हो रही है। यह महिला पिछले कुछ दिनों से हंडिया में ही यहां-वहां घूमते नजर आ रही है। स्थानीय लोगों ने अनोखा तीर को बताया कि रात्रि के समय कुछ युवा इस महिला को अपने साथ लेकर पहाड़ी पर जाते हुए देखें जाते हैं। वहीं वापसी के समय युवा तो नशे में झूमते वापस आ जाते हैं, लेकिन वह महिला इनके साथ नहीं होती है। परंतु सुबह वही महिला फिर घूमते हुए नजर आती है। हंडिया के लोगों का तो यहां तक कहना है कि अगर प्रशासन इस विक्षिप्त महिला का मेडिकल चेकअप कराएं तो हो सकता है वह गर्भवती भी हो सकती है। ऐसा नहीं है कि इस महिला के संबंध में स्थानीय पुलिस को जानकारी नहीं है, बल्कि यह प्रतिदिन हंडिया थाना परिसर के आसपास ही भटकते रहती है। स्थानीय प्रशासन को पुलिस के माध्यम से इस महिला को नारी निकेतन या कहीं उपयुक्त स्थान पर भेजना चाहिए। वरना किसी दिन यह प्रशासन के लिए भी नई परेशानी का कारण बन सकती है। वहीं इसे दरिंदों से बचाया जाना भी नैतिक दायित्व बनता है।

