Skip to content
Thursday, 26 November 2026
हरदा

२२ जनवरी को प्रदेशभर में होंगे धार्मिक कार्यक्रम

3 min read

 

अनोखा तीर, हरदा। अयोध्या में आगामी 22 जनवरी को प्रस्तावित भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश के सभी जिलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश कलेक्टरों को जारी किए हैं। आदेश में 16 से 22 जनवरी तक के विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को गरिमापूर्वक मनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय निकायों तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से स्पेशल ट्रेनों तथा सड़क मार्गों से अयोध्या जा रहे तीर्थ-यात्रियों के सम्मान स्वागत की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश के प्रत्येक मंदिर में 16 जनवरी से 22 जनवरी तक जन-सहयोग से राम कीर्तन का आयोजन कराया जाएगा। समस्त मंदिरों में दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। हर घर में दीपोत्सव के लिए आमजन को जागृत किया जाएगा। प्रदेश के नगरों तथा गांव में मौजूद राम मंडलियों को मोहल्लों तथा गांव में स्थानीय कार्यक्रम के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में ट्रस्ट समितियों द्वारा धर्मगुरुओं के साथ समन्वय कर 22 जनवरी को भंडारों का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के मुख्य मंदिरों में टी.व्ही. स्क्रीन लगाकर अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा। मंदिरों के आयोजन में आमजन की सहभागिता के लिए विशेष रूप से आमंत्रण दिए जाएंगे। आवश्यक प्रबंध भी सुनिश्चित किए जाएंगे। जिले के प्रमुख मंदिरों में ट्रस्ट समिति के माध्यम से स्वच्छता, रोशनी, दीप प्रज्जवलन आदि के साथ ही भगवान श्रीराम-जानकी आधारित सांस्कृतिक आयोजन भी किए जाएंगे। सभी नगरों में नगरीय विकास एवं आवास विभाग तथा गांव में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से 14 से 21 जनवरी के मध्य विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सभी सरकारी इमारतों तथा स्कूल एवं कॉलेजों में साज-सज्जा की जाएगी। प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालयों में 16 से 21 जनवरी तक विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा। समस्त शासकीय कार्यालयों में 21 से 26 जनवरी तक रोशनी की जाएगी। प्रदेश के जिलों में विभिन्न विभागों को कार्यक्रम कराए जाने संबंधी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अलग-अलग स्थानों पर जन-अभियान परिषद के सहयोग से 11 से 22 जनवरी तक प्रभात-फेरी एवं कलश-यात्रा, 22 जनवरी को मंदिरों, पवित्र नदियों, जलाशयों में दीपदान एवं प्रकाश व्यवस्था, 11 से 22 जनवरी के बीच प्रदेश के 28 पवित्र स्थलों पर श्रीरामचरित लीला समारोह के साथ चित्रकूट एवं ओरछा में विशिष्ट गतिविधियों का आयोजन, स्थानीय कलाकारों एवं संस्थाओं के सहयोग से श्रीराम-जानकी जी से संबंधित चित्र, शिल्प, रांगोली आदि के साथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परिचर्चा, नृत्य-नाटिका, भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। सभी ग्राम पंचायतों में श्रीराम कथा साप्ताह मनाया जाएगा। जिसमें गायन, कथा-वाचन, रामरक्षा स्रोत, रामचरित मानस पाठ आदि पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्यमंत्री की ओर से प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। पुरस्कार वितरण 26 जनवरी को जिला मुख्यालय पर होगा।

130 Views
130 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply