अनोखा तीर, सिराली। शासकीय सीनियर आदिवासी कन्या छात्रावास की आधा सैंकड़ा छात्राओं के लिए स्कूल जाने वाली सड़क जी का जंजाल बनी हुई है। जिसके चलते स्कूली छात्राओं को हर रोज समस्याओं से दो-चार करना पड़ता है। वहीं बारिश के दिनों में क्षेत्र की यही समस्या और अधिक गहरा जाती है, जो ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली छात्राओं की ज्वलंत समस्याओं में शुमार है। बावजूद स्थानीय जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। फलस्वरूप ग्रामीणों को नारकीय जीवन जीना मजबूरी बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रावास से स्कूल जाने वाली सड़क के गोहे में तालाबनुमा कीचड़ बना रहने से छात्राओं को या तो कीचड़युक्त रास्ते से अथवा दूसरे तीन किलोमीटर का फेर लगाकर अपने स्कूल पहुंचना पड़ता है। रास्ते की खराबी को लेकर छात्राओं ने कहा कि समय से स्कूल पहुंचने में देरी हो जाती है, क्योंकि अव्यवस्थित सड़क से संभलकर गुजरना पड़ता है। छात्राएं कई दफा हादसे का शिकार हो चुकी हैं, जिससे उनकी ड्रेस खराब हो जाती है। छात्राओं ने यह भी बताया कि बारिश के चार माह जैसे तैसे यहां से गुजरते हैं। बता दें कि मालापुर रोड पर स्थित उपरोक्त छात्रावास से कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचने के दौरान छात्राओं को इस कीचड़ भरी सड़क से गुजरने की मजबूरी है। सूत्रों के अनुसार रास्ते की खराबी के कारण पिछले सत्र में करीब एक दर्जन छात्राएं अपनी पढ़ाई तक छोड़ चुकी हैं। बहरहाल आदिवासी छात्रावास में रह रही 50 छात्राओं का कहना है कि उनके द्वारा शासन, प्रशासन, विभाग, जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया किंतु गरीब आदिवासी वर्ग से होने के कारण कोई भी उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है। परिणामस्वरूप समस्या जस की तस बनी हुई है। छात्राओं ने स्कूल पहुंच मार्ग को दुरुस्त करने की मांग भी दोहराई है। मालूम हो कि बारिश के समय पानी निकासी की दृष्टि से नगर परिषद ने यहां कच्ची नाली खोदी थी, मगर कुछ दिनों बाद गोहे रास्ते के पास स्थित ईंट भ_े निर्माण करने वालों के द्वारा उक्त निकासी के रास्ते को बंद कर दिया। जिससे पूरे गोहे में पानी फैलकर दलदली कीचड़ में तब्दील हो गया है। छात्राओं ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से शीघ्र समस्या को हल कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में तहसीलदार वीरेंद्र उईके ने कहा कि रास्ते को दिखवाते हैं, क्या व्यवस्था बनाई जा सकती है। वहीं इस संबंध में नगर परिषद सीएमओ राहुल शर्मा से उनके नंबर पर संपर्क करना चाहा, मगर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

