धूमधाम से मनाया जन्माष्टमी पर्व….

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। बीती रात भादौ माह की अष्टमी के मौके पर लीलाधर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दिन सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, वहीं घरों घर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति का सिलसिला जारी रहा। शाम को नन्हें-मुन्हें बच्चों नेे राधा – कृष्ण का रूप धरा था। वहीं छोटी-छोटी बालिकाओं ने रंग-बिरंगी रांगोली से सुंदर आकृतियां उकेरी थी। इसी दिन देर शाम को स्थानीय खंडवा बायपास चौराहें पर स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी। इस दौरान धर्मप्रेमीजनता ने पालकी यात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। वहीं मातृशक्तियों ने प्रभु की पूजा-अर्चना कर भेंट चढ़ाई गई। इस मौके पर जय श्री राधे कृष्णा के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय प्रतीत हो रहा था। हिन्दू उत्सव समिति से मिली जानकारी के अनुसार नगर भ्रमण उपरांत पालकी यात्रा का स्थानीय सत्यनारायण मंदिर में समापन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा शामिल थे। बता दें कि जन्माष्टमी पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह था। इसी कड़ी में एक दिन पहले शहर के सभी श्रीकृष्ण मंदिर रंग-बिरंगे फूलों के साथ ही एवं दुधिया रोशनी से जगमगा रहे थे।

पंजरी और मिश्री का प्रसाद बांटा

जन्माष्टमी पर्व पर धर्मप्रेमी जनों से जहां उपवास रखकर प्रभु की आराधना की। वहीं देर शाम को आसपास के धार्मिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। जहां भजन-कीर्तन एवं जय श्री राधे-कृष्णा का जाप किया गया। इसी दिन रात 12 बजे मंदिरों में महाआरती की गई। अंत में भक्तों को पंजरी और मिश्री का प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की खचाखच भीड़ रही।

7 दिवसीय रामसत्ता का समापन  

इधर, स्थानीय गोंसाईं मंदिर में 7 दिवसीय रामसत्ता का जन्माष्टमी के दिन समापन हुआ। इस दिन मंदिर में रातभर भजनों की धूम रही। यहां दूरदराज ग्रामों से आए भजन मंडलों ने अपने कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। मंदिर समिति से मिली जानकारी के अनुसार जन्माष्टमी के दूसरे दिन यानि शुक्रवार को कांकडा आरती कर रामसत्ता विधिपूर्वक समापन किया जाएगा। इस मौके पर श्री गोंसाईं मंदिर से धार्मिक यात्रा भी निकाली जाएगी।

ज्ञान गंगा स्कूल में मनाया कृष्ण जन्मोत्सव

इधर शहर की ज्ञान गंगा हायर सेकेंडरी स्कूल में बड़े धूमधाम से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। प्रात: नन्हे मुन्ने बच्चे राधा कृष्ण, वासुदेव, सुदामा, कंस, यशोदा, नंद बाबा, देवकी आदि का रूप धारण करके विद्यालय पहुंचे। विधिवत आरती पूजन करने के पश्चात डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात सजीव झांकी के साथ शोभायात्रा स्कूल परिसर से निकलकर मेजर जोशी कॉलोनी, शिक्षक कॉलोनी, तवा कॉलोनी, बड़ी सिंधी कॉलोनी, महाराणा प्रताप चौक, नेहरू स्टेडियम, जिला पंचायत होते हुए वापस संस्था में आगमन हुआ। शोभायात्रा का नगर में जनता जनार्दन द्वारा जमकर पुष्प वर्षा एवं फलाहार से स्वागत किया गया। शोभायात्रा जैसे ही निकली तो रिमझिम वर्षा भी शुरू हो गई। ऐसा लग रहा था मानो देवराज इंद्र यात्रा एवं भगवान मुरली मनोहर का स्वागत कर रहे हो। अंत में संस्था प्राचार्य एवं समस्त ज्ञान गंगा स्कूल परिवार ने नगर की जनता पुलिस प्रशासन एवं समस्त पालकों का आभार व्यक्त कर शुभकामनाएं दी। तत्पश्चात माखन मिश्री के प्रसाद वितरण के बाद यात्रा का समापन किया गया।

Views Today: 2

Total Views: 174

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!