– खरगोन में सिद्धेश्वरनाथ महादेव के शिवडोले में ड्यूटी कर वापस सनावद लौट रहे थे पुलिसकर्मीं
अनोखा तीर, बड़वाह। पुलिस महकमे में उस समय मातम छा गया, जब तीन पुलिसकर्मियों की मौत की खबर मिली। सनावद के समीप खरगोन रोड पर भीषण दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जिसमें कार में सवार तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर मौत हो गई और दो जवान बुरी तरह जख्मी हो गए। दरअसल सनावद थाने पर पदस्थ पुलिसकर्मी खरगोन में निकलने वाले सिद्धेश्वरनाथ महादेव के शिवडोले में ड्यूटी करने गए थे। जहां से वह सभी पुन: सनावद लौट रहे थे। इस बीच पुलिसकर्मियों की एक कार शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि में ग्राम बडूद में सड़क किनारे खड़े एक डंपर में पीछे से जा घुसी। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि हादसे में एएसआई रमेश भास्करे, एएसआई विमल तिवारी, आरक्षक मनोज कुमरावत की मौत हो गई। वहीं आरक्षक रघुवीर रावत और नगर सैनिक कोमल दांगोड़े को गंभीर चोटें आई हैं। जिन्हें सनावद में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रैफर किया गया। घटना के दौरान मौके पर भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त कार से पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला और थाने पर घटना की सूचना दी। घटना के बाद तत्काल एसपी धर्मवीर सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने घटना की विस्तार से जानकारी ली और पुलिसकर्मियों की मौत पर दुख जताया। बताया जा रहा है कि खरगोन में शिवडोले का करीब रात 3.30 बजे समापन हुआ था। जिसमें ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी थक चुके थे। उन्हें आराम की सख्त जरूरत थी। लेकिन पुलिसकर्मी ड्यूटी खत्म होते ही सीधे सनावद की ओर लौटे आए और नींद भरी आंखों में झपकी आने के कारण दुर्घटना होने की संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि सब इंस्पेक्टर रमेश भास्करे इंदौर, सब इंस्पेक्टर विमल तिवारी बुरहानपुर तथा आरक्षक मनोज कुमरावत ग्राम सिमरोल के निवासी थे। सभी पुलिसकर्मी सनावद थाने में पदस्थ थे।

Views Today: 2
Total Views: 98

