योगेंद्र राजपूत, खिरकिया। कमल सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में सावन मास के अंतिम सोमवार को खिलता कमल श्री गुप्तेश्वर कावड़ यात्रा निकाली गई। नगर में यह ऐतिहासिक कावड़ यात्रा निकली। जिसमें कृषि मंत्री कमल पटेल के नेतृत्व में हजारो कावड़िएं शामिल हुए। सुबह 7 बजे से ही ग्रामीण अंचल से ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर शिवभक्तों का गौमुख धाम आना प्रारंभ हो गया। सुबह 9 बजे गौमुख धाम में शिवभक्तों का जमघट लग गया। जिसमें महिलाओं की संख्या सबसे अधिक रही। कावड़ यात्रा निकलने के पहले कृषि मंत्री श्री पटेल ने गौमुख धाम पर भगवान शिव का विशेष अभिषेक किया। कृषि मंत्री श्री पटेल ने लाड़ली बहनों से राखी बंधवाई और लाड़ली बहनों पर पुष्पवर्षा भी की। इसके बाद कावड़ियों को फलहारी खिचड़ी का वितरण किया। कावड़ यात्रा में सबसे आगे कृषि मंत्री श्री पटेल कंधे पर कावड़ लेकर निकले। कावड़ यात्रा में वरिष्ठ भाजपा नेता गंगाविशन मुनीम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शनसिंह गहलोद, हरदा नपाध्यक्ष भारती कमेड़िया, जिला ओलपिंक संघ अध्यक्ष संदीप पटेल, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष सुदीप पटेल, खिरकिया नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रजीत कौर खनूजा, भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष कलम, सांसद प्रतिनिधि महेन्द्रसिंह खनूजा, राजू कमेड़िया, विधायक प्रतिनिधि पूनमचंद गुप्ता, उदयसिंह चौहान, भाजपा नेता प्रहलाद पटेल, राधेश्याम डूडी, राजा पटेल सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण, किसान, युवा, बुर्जुग, महिला, बच्चे, व्यापारी सहित श्रद्धालु उपस्थित थे।
विभिन्न जगहों पर पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
गौमुख धाम से कावड़ यात्रा के शुरू होने से लेकर चारूवा गुप्तेश्वर मंदिर तक 60 से अधिक जगहों पर पुष्पवर्षा कर कावड़ यात्रा का स्वागत हुआ। गौमुख धाम से कावड़ यात्रा मंगलवारा हाट बाजार, अंबेडकर भवन, रेलवे गेट, पीपल चौराहा, मारवाड़ी चौक, मंडी गेट, सीएम राइज महाराणा प्रताप चौक छीपाबड़ से पड़वा, हरिपुरा होते हुए गुप्तेश्वर मंदिर पहुंचे। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों ने कृषि मंत्री कमल पटेल का पुष्पहार से स्वागत किया।

लाड़ली बहनों ने बांधी राखी
कावड़ यात्रा के शुरू होने से पहले कृषि मंत्री कमल पटेल को गौमुख धाम पर लाड़ली बहनों ने राखी बांधी। इस दौरान कृषि मंत्री श्री पटेल ने कहा कि अभी मंच पर बहनों ने राखी बांधी है। समय के अभाव में सभी से राखी नहीं बंधवा सका हूं। परंतु अगले एक माह में 1 लाख 8 हजार बहनों से राखी बंधवाऊंगा। गांव एवं नगर में भ्रमण कर बहनों से राखी बंधवाने आऊंगा।

कावड़ यात्रा पर जेसीबी से बरसाए फूल
कमल सांस्कृतिक मंच के बैनर तले निकाली गई कावड़ यात्रा के दौरान विधायक प्रतिनिधि रविंद्र दुआ ने यूपी की तर्ज पर जेसीबी के माध्यम से कावड़ यात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान बुलडोजर वाले बाबा का जय घोष भी गूंजता रहा। कावड़ यात्रा के दौरान नगर को स्वागत द्वारा से जमकर सजाया गया। जगह-जगह रंगीन परदों के माध्यम से आकर्षक पंडाल भी बनाए गए। यात्रा में बड़ी संख्या में ढोल धमाके और डीजे भी शामिल थे। जिसमें भोलेनाथ के भजन लगातार गूंजते रहे। कावड़ यात्रा का नगर में कई स्थानों पर चाय, पानी फलाहारी नमकीन, फल के स्टॉल भी स्थानीय नागरिकों ने निशुल्क वितरित किए। यात्रा करीब 10 किलोमीटर पैदल होते हुए गुप्तेश्वर मंदिर चारूवा परिसर पहुंची। मंदिर परिसर के बाहर भी यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। हजारों की संख्या में कावड़ियों ने भोलेनाथ को जल अर्पित किया।
Views Today: 2
Total Views: 238

