कल की चिंता….
– हंडिया तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोलीपुरा का मामला
पंचायत अंतर्गत आने वाली डोंगरी ( पहाड़ी ) पहले से बेतहाशा खुदाई की भेंट चढ़ चुकी है। जिसके चलते पहाड़ी बड़े-बड़े खाईनुमा गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इन सबके बीच आगामी दिनों में यहां ब्लास्टिंग होने की खबर ने हम सबको चिंता में डाल रखा है। जबकि खेड़ीनीमा व कुंजरगांव वहां से कोई ज्यादा दूर नही है। बावजूद, ब्लास्टिंग का फैसला ग्रामीणों के लिये चौंकाने वाला है। ये बातें ग्राम पंचायत कोलीपुरा से यहां आए ग्रामीणों ने कही है। जो मामले में आपत्ति दर्ज करने के अंतिम दिन यानि सोमवार को अपना विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे।
अनोखा तीर, हरदा। हंडिया तहसील अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कोलीपुरा की डोंगरी ( पहाड़ी ) आए दिन चर्चाओं में बनी रहती है। यहां लंबे समय से मुरूम की खदान है। जो किसी ना किसी वजह से विरोध के घेरे में बनी रहती है। ऐसा इसलिये, क्योंकि इसी से जुड़ा एक मामला सोमवार को प्रकाश में आया। जब, सरपंच शिवनारायण केवट समेत अन्य ग्रामीण गांव की डोंगरी पर भविष्य में होने वाली ब्लास्टिंग का विरोध दर्ज करने पहुंचे थे। ग्रामीणों ने सबसे पहले एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या बताई। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारी को लिखित आवेदन देकर मामले में संज्ञान लेने की गुहार लगाई है। वहीं अंत में हंडिया तहसील पहुंचकर राजस्व अधिकारी को भी एक आवेदन दिया। जिसके माध्यम से ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ब्लास्टिंग को लेकर नियमों को अनदेखा किया जा रहा है। ग्रामीण जितेन्द्र जाट ने कहा कि जहां तक हमें जानकारी है कि ऐसे स्थल से आबादी क्षेत्र के मध्य दूरी का पहले से निर्धारण है, जो इसकी अनुमति से संबंधित मुख्य बिन्दू है। जितेन्द्र ने सेटेलाइट मेप के जरिये भी अपने तथ्यों को रखा। साथ ही यह आश्ंाका भी जताई कि इन्हें नजरअंदाज करने पर इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ेगा। क्योंकि ब्लास्टिंग की गूंज जहां ग्रामीणों को दहलाएगी, वहीं भूमिगत कंपन के कारण जलस्त्रोत प्रभावित होने का भी डर है। यही वजह है कि ग्रामीण इससे जुड़े अन्य पहलुओं पर ध्यान देने की गुहार लगा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पहाड़ी पर चट्टानों में ब्लास्टिंग कर निर्माणाधीन हंडिया बैराज के लिये उपयुक्त पत्थरों का निर्माण किया जाना है। एधर, आवेदन सौंपते समय सरपंच शिवनारायण देवड़ा, जितेन्द्र जाट, मुकेश जाट, तूफान सिंह कुशवाह, देवलाल चावड़े, कालूराम ठाकुर, अर्जुन जाट, अमृतलाल, संतोष, गजानंद, सुरेश और भूरा चवेल सहित अन्य लोग शामिल थे।
Views Today: 2
Total Views: 268

