अनोखा तीर, बैतूल/सारनी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बैतूल जिले के सारनी आगमन पर नागरिकों ने अपने शहर को भव्यता से सजाया। नगर में प्रवेश करते हुए जनदर्शन को निकले मुख्यमंत्री श्री चौहान का जगह-जगह पलक पांवड़े बिछाए नागरिकों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। कहीं घरों की छतों से, कहीं मुंडेरो से तो कहीं मंचों से पुष्प मालाओं से पुष्प वर्षा कर तो कहीं शॉल-श्रीफल से मुख्यमंत्री श्री चौहान का आत्मीय स्वागत करने को नागरिकों के समूह आतुर थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान गुरूवार को सारनी में तेंदुपत्ता संग्राहकों को मुख्यमंत्री चरण पादुका योजना अंतर्गत सामग्री व हितग्राहियों को हितलाभ वितरण कार्यक्रम से पूर्व जन दर्शन कर रहे थे। बड़ी संख्या में आई लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहनाओं ने मुख्यमंत्री श्री चौहान की आरती उतारकर, अपने भैया को राखी भेंट कर फूल माला पहनाकर आत्मीयता से स्वागत सत्कार किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान कालीमाई तिराहे से जनदर्शन करते हुए शोभापुर बस स्टेंड होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मार्ग पर स्वागत द्वारों और रंगबिरंगे गुब्बारों से पूरा शहर सजा हुआ था।
महिलाओं के साथ किसानों व युवाओं का समूह उमड़ा
मार्ग पर अनेक स्थानों पर मंच बनाए गए थे। जहां सामाजिक संगठनों, ग्राम पंचायतों जनपद पंचायतों व जिला पंचायत के प्रतिनिधियों द्वारा उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का सम्मान किया गया। इस दौरान ग्रामीण अंचल से बड़ी संख्या में जनजातीय महिलाओं के साथ किसान व युवाओं का समूह भी शामिल हुआ। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जनदर्शन व विकास रोड शो में सहर्ष सहभागिता निभा रहे थे। इतना ही नहीं जनहित में चलाई गई विभिन्न लोकहितकारी योजनाओं के लिए तखतियों पर लिखकर मुख्यमंत्री के प्रति हितग्राहियों ने आभार प्रकट किया।
जनजातीय नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति
जनदर्शन के दौरान गायकी नृत्य समूह द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में मुख्य मार्ग पर गाजे-बाजे के साथ अनेक कलाकारों द्वारा आकर्षक जनजातीय नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संत शिरोमणी श्री रविदासजी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया। मंच के समीप बैठी लाड़ली बहनाओं पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
कदम-कदम पर खुशी के साथ उत्साह का माहौल
मुख्यमंत्री श्री चौहान के सारनी आगमन पर नगर में कदम- कदम पर खुशी के साथ उत्साह का माहौल बना हुआ था। बच्चे, युवाओं, महिलाओं के साथ ही बुजुर्ग भी पीछे नहीं रहे। अनेक स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए थे। गुलाब के फूलों की पंखुड़ियों तथा गुलाल उड़ाकर स्वागतोत्सव मनाया जा रहा था। अनेक स्थानों पर सामूहिक रूप से जनसमूह उमड़ता रहा। अनेक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने जन दर्शन में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
बुजुर्गों ने पाती दिखाकर दिया आशीर्वाद
समारोह में शामिल हुए अनेक बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों ने तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से तीर्थों का दर्शन कराने के लिए पाती दिखाकर अपने बेटे स्वरूप मुख्यमंत्री श्री चौहान को आशीर्वाद व धन्यवाद दिया। पेसा एक्ट के तहत जल जंगल एवं जमीन पर अधिकार दिलाने के लिए जनजातीय वर्ग ने धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री श्री चौहान के स्वागत के लिए 90 स्थानों पर मंच बनाए गए थे, जहां विभिन्न संगठनों के लोग स्वागत को आतुर हो रहे थे। इस अवसर पर सांसद दुर्गादास उईके, विधायक आमला योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधि सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा।
Views Today: 2
Total Views: 64

