अनोखा तीर, हरदा। मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी एलएन प्रजापति के आदेश अनुसार शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विकासखंड स्तरीय एक दिवसीय बिगनर्स कोर्स का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों के लिए स्काउट गाइड क्या है, इसके सिद्धांत, विद्यालय में किस प्रकार दलों को संचालित किया जाए, जिला स्तर पर दल का पंजीयन और किस प्रकार दल का गठन किया जाए और दल गठन के पश्चात दल की क्या-क्या एक्टिविटी होना चाहिए। इसके संबंध में शिविर संचालक गजराज सिंह जिला संगठन आयुक्त स्काउट के द्वारा जानकारी प्रदान की गई। सत्र 2023-24 में किस स्तर पर कौन कौन सी गतिविधियां आयोजित होनी है, उसके संबंध में समस्त प्रशिक्षणार्थियों के लिए जानकारी प्रदान की गई। शिविर में प्राथमिक माध्यमिक विद्यालय से 66 प्रशिक्षणार्थियों द्वारा सहभागिता की गई। इस दौरान जिला सचिव बलराम सेंगवा, पुरुषोत्तम राठौर, श्रीमती संजू मिश्रा, श्रीमती छाया राठौर ने सहयोग प्रदान किया। शिविर के सफलतम आयोजन के लिए जिला मुख्य आयुक्त स्काउट अरुण तिवारी ने सभी को शुभकामनाएं दी।




