नारकीय जीवन जी रहे वार्ड 32 के निवासी

 

अनोखा तीर, हरदा। स्थानीय वार्ड नम्बर 32 अंतर्गत सांई मंदिर के समीप वृंदावन कॉलोनी को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क दुर्दशा का शिकार है। दो वर्ष पूर्व गर्मी के मौसम में नगर पालिका द्वारा नर्मदा जल सप्लाई हेतु कॉलोनी की पक्की सड़क खोदकर पेयजल लाइन डाली थी। इसके दो वर्ष बाद भी निकाय ने इस सड़क को ठीक नहीं कराया है। गत वर्ष बरसात के दिनों में उक्त सड़क जो कि कुल्हड़ चाय वाले के बगल में स्थित है पर नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब फिर बरसात में वार्ड के नागरिक परेशान हो रहे हैं। वार्ड के रहवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि कुल्हड़ चाय दुकान के बगल वाली इस सड़क का पुनर्निर्माण शीघ्र कराएं। इसके साथ ही नाली का भी निर्माण हो।

केवल गड्ढे भरवा रही नपा

वर्तमान समय में नगर पालिका द्वारा उक्त गली के गड्ढे भरे जा रहे हैं। यह कार्य भी चेहरे देखकर हो रहा है, इससे वार्ड के अन्य रहवासियों में रोष है।

टेंडर जारी

जानकारी के अनुसार नगर पालिका ने इस सड़क की निविदा पूर्व में जारी कर दी है, किंतु आज तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं होना समझ से परे है। गौर करने वाली बात यह है कि गत वर्ष नगरी प्रशासन मंत्री द्वारा विधिवत निर्देश जारी कर ऐसे मार्गों का निर्माण बरसात के पूर्व करने का आदेश दिया था। मगर सामान्य प्रशासन मंत्री का यह आदेश हवा हवाई हो गया। स्थानीय अधिकारियों ने आज तक नगर की ऐसी अनेक सड़कों का निर्माण शुरू नहीं किया है। सड़क के जीर्णशीर्ण होने के कारण उक्त मार्ग से निकलने वाले लोगों में भी विवाद की स्थिति कई बार बनती है। आपको बता दें कि उक्त सड़क निर्माण न होने से मोहल्ले की ड्रेनेज लाइन भी टूटी फूटी है। इसके चलते खाली प्लाटों पर घरों के निकासी जल का भराव हो रहा है। इसके नतीजन आसपास गंदगी पसरी है जिसमें सूअर और आवारा जानवर दिनभर बैठकर गंदगी को फैला रहे हैं। खाली प्लाट में नालियों का पानी भरा होने से मच्छर की भरमार है और बदबू से आसपास के नागरिक त्रस्त हैं।

97 Views

Leave a Reply