
अनोखा तीर, हरदा। आगामी विधानसभा निर्वाचन के लिए अधिकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी क्रम में सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण पॉलिटेक्निक कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कलेक्टर ऋषि गर्ग ने ट्रेनिंग में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सेक्टर अधिकारी अपने अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का अभी से दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ले लें। मतदान केंद्रों के भवनों व पहुंच मार्गों में कोई भी समस्या हो तो संबंधित अधिकारियों को बताएं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संजीव कंचन, अपर कलेक्टर डॉ.नागार्जुन बी.गौड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती राजेश्वरी महोबिया तथा हरदा टिमरनी और खिरकिया के एसडीएम भी मौजूद थे। उन्होंने सेक्टर अधिकारियों से कहा कि वे अपने सेक्टर में नियुक्त पुलिस अधिकारियों से परिचय कर लें तथा ईवीएम का संचालन भी सीख लें। उन्होने सेक्टर अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन से पूर्व कम से कम 3 बार दौरा करें। पुलिस अधीक्षक श्री कंचन ने इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों से कहा कि चुनाव आयोग के निर्देश अच्छी तरह पढ़ लें और आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। अपर कलेक्टर डॉ. गौड़ा ने इस दौरान सभी सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान से पूर्व उन मतदान केन्द्रों पर तैनात अधिकारी कर्मचारियों से परिचय कर लें तथा उनके मोबाइल नम्बर भी सेव कर लें। उन्होने प्रशिक्षण में उपस्थित सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान के दिन अपने क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों पर मॉकपोल समय पर कराएं तथा मतदान के दौरान अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का सतत भ्रमण करते रहें। यदि किसी मतदान केन्द्र पर कोई समस्या आती है तो तुरन्त मौके पर पहुंचे और समस्या का निराकरण कराएं। उन्होने कहा कि मतदान से पूर्व सभी मतदान केन्द्रों में जो भी कमियां या समस्याएं निरीक्षण के दौरान सामने आती है, उनका निराकरण संबंधित अधिकारियों के माध्यम से करा लें ताकि मतदान के दिन कोई परेशानी या समस्या न आए। उन्होने कहा कि सेक्टर अधिकारी के रूप में जो रिपोर्ट या जानकारी भेजी जाना है, वह निर्धारित समय पर भेज दें। डीईओ एलएन प्रजापति ने उपस्थित अधिकारियों को सेक्टर अधिकारियों के अधिकार व कर्तव्यों के बारे में विस्तार से बताया।

