गांव भ्रमण…. मूलभूत सुविधाओं के तरस रहे खरदना के लोग : टाले

 

अनोखा तीर, हरदा। जिले की हंडिया अंतर्गत आने वाले ग्राम ऊंवा-खरदना की हकीकत उम्मीदों से परे है। यहां सड़क और पानी को छोड़कर बाकी सब भगवान भरोसे है। सालों पुराने स्कूल भवन में तेज बारिश दौरान जगह-जगह से पानी टपकता है। पक्की नालियों के अभाव में निस्तार का पानी सड़क पर बहता है, जो कि अस्वच्छता की मुख्य वजह है। ऐसे में यह कहना गलत नही होगा कि यहां के वाशिंदे मूलभूत सुविधाओं के अलावा बीमारियों फैलने के कारणों से घिरे हुए हैं। जिस पर प्रशासन को ध्यान देना चाहिये। यह बातें पूर्व नपाध्यक्ष एवं राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत टाले ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कही। उन्होंनें कहा कि शुक्रवार को कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों के साथ ग्राम खरदना का भ्रमण किया। इस दौरान कई कमियां देखने व सुनने को मिली। इस दौरान ग्रामीणों ने आगे आकर अपनी समस्याएं बताई। कहा कि गांव के सरकारी स्कूल की हालत जगजाहिर है। बरसात के चलते स्कूल में सूखी या यूं कहें कि सुरक्षित जगह का टोटा रहता है। वहीं शौचालय कई दिनों से खंडहर में तब्दील है। विद्युत व्यवस्था का हाल दयनीय है। ग्रामीण दूर-दूर से तार डालकर लाइन लेकर आएं हैं, तब कहीं उजाला नसीब हुआ है। इसके अलावा गांव की नल जल योजना अधूरी पड़ी है। वहीं राशन की गुणवत्ता हर बार सवालों के घेरे में रहती है। इन सब अव्यवस्थाओं के बीच यहां के लोग अपना जीवन-यापन कर रहे हैं। ग्रामीणों की जुबानी समस्याओं को सुनकर कांग्रेस पदाधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इन सब कमियों को प्रशासन के समक्ष रखेंगे। साथ ही उनके निराकरण का पूरजोर प्रयास करेंगे।

कांग्रेस नेता ने उठाये सवाल

पूर्व नपाध्यक्ष श्री टाले ने कहा कि ग्राम ऊंवा-खरदना में अधिकांश वे परिवार रहते हैं जिन्होंनें अपने घर व खेतों को डूबोकर विकास कार्य में अहम रोल अदा किया। लेकिन, सवाल यह उठता है कि विकास के सच्चे सहभागियों का ये अंजाम सही है ? क्या वे लोग मूलभूत सुविधाओं के हकदार नही है ? यह सब विचारणीय है।

भ्रमण दौरान ये रहे उपस्थित

श्री टाले ने ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इस मौके पर किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन विश्नोई, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष केदार सिरोही, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक सारण, अनिल विश्नोई, मांगीलाल ठाकुर एवं रामविलास सहित अन्य लोग उपस्थिति थे।

198 Views

Leave a Reply