अनोखा तीर, हरदा। हंडिया तहसील के ग्राम खरदाना में निवासरत ग्रामीणों द्वारा मिडिल स्कूल उवां का उन्नयन कर हाई स्कूल स्वीकृत कराने की मांग को लेकर धरना दिया जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा गांव की बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मांग की गई है। गुरूवार को संयुक्त संचालक लोक शिक्षण नर्मदापुरम् संभाग अरविन्द सिंह ने धरना स्थल पहुंच कर स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा की और उन्हें बताया कि संभाग स्तर से वे भी मिडिल स्कूल उवां का उन्नयन हाई स्कूल के रूप में करने का प्रस्ताव आज ही भेज देंगे। मौके पर उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी एलएन प्रजापति ने इस दौरान बताया कि जिला प्रशासन द्वारा भी मिडिल स्कूल उवां का उन्नयन हाई स्कूल के रूप में करने का प्रस्ताव आयुक्त लोक शिक्षण भोपाल को मंगलवार को ही भेजा जा चुका है। उन्होने बताया कि शासन से स्वीकृति प्राप्त होने के बाद शीघ्र ही ग्रामीणों की मांग अनुसार उवां में हाई स्कूल प्रारम्भ कर दिया जाएगा।

